दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में बेटे को बचाने की कोशिश के दौरान चाकू लगने से एक महिला की मौत हो गई।
नई दिल्ली: दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में बेटे को बचाने की कोशिश के दौरान चाकू लगने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान सीमा ऋषि के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, 15 अक्टूबर की देर रात हुए हमले में घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 17 अक्टूबर को उनकी मौत हो गई। मामले में आरोपी सतीश लांबा (30) को गिरफ्तार किया गया है।
बेटे के साथ विवाद के बाद हुआ हमला
पीड़िता के पति कमल ऋषि ने बताया कि घटना के दौरान तीन लोग मौजूद थे, जिन्होंने उन पर और उनकी पत्नी पर चाकू से हमला किया। उन्होंने कहा कि विवाद की जानकारी मिलने के बाद उनकी पत्नी पहले मौके पर पहुंचीं और फिर वह वहां गए। उनका कहना है कि वे झगड़ा शांत कराने के लिए पहुंचे थे, लेकिन उन पर भी हमला कर दिया गया। कमल ऋषि के मुताबिक, घायल पत्नी को पहले एक सरकारी केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बेटे ने बताई झगड़े की पूरी घटना
सीमा ऋषि के बेटे ध्रुव ऋषि ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ घर लौट रहा था, तभी मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया। इसके बाद कहासुनी शुरू हुई, जो गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गई। ध्रुव के अनुसार, हमलावरों ने उसके साथ मारपीट की, जिसके बाद उसके दोस्त वहां से भाग गए। उसके एक दोस्त ने घर जाकर उसकी मां को घटना की जानकारी दी। जब तक उसकी मां मौके पर पहुंचीं, वह वहां से निकल चुका था। ध्रुव ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसके माता-पिता पर चाकू से हमला किया। उसने बताया कि वह आरोपियों में से एक को जानता है, क्योंकि वह उसी मोहल्ले में रहता है।
बेटे ने की न्याय की मांग
ध्रुव ऋषि ने बताया कि पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य अभी फरार हैं। उसने कहा कि परिवार केवल न्याय चाहता है और पुलिस ने बाकी आरोपियों को पकड़ने का भरोसा दिया है। पुलिस के अनुसार, कमल ऋषि के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बाद 16 अक्टूबर को सतीश लांबा को गिरफ्तार कर लिया गया। घायल सीमा ऋषि की 17 अक्टूबर को मौत हो गई। वहीं, सतीश लांबा के बयान और मेडिकल लीगल रिपोर्ट (एमएलआर) के आधार पर ध्रुव ऋषि और उसके दोस्तों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आई घटना की दूसरी जानकारी
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 15 अक्टूबर को रात करीब 11:49 बजे नजफगढ़ थाने में ओल्ड रोशनपुरा के पास चाकू से हमले की सूचना मिली थी। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, रात करीब 11:15 बजे सतीश लांबा अपने दोस्तों के साथ ओल्ड रोशनपुरा के पास एक चौक पर खड़ा था। इसी दौरान ध्रुव ऋषि अपने दोस्तों अफजल और देव बख्शी के साथ मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा। पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई शुरू हो गई। जांच के अनुसार, इस दौरान ध्रुव ऋषि ने कथित तौर पर चाकू से लांबा की बाईं जांघ पर वार किया। इसके बाद लांबा को जाफरपुर स्थित आरटीआरएम अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसकी बाईं जांघ पर करीब 3×2 सेंटीमीटर का गहरा घाव बताया। बाद में उसे डीडीयू अस्पताल और फिर सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली के बवाना में टाइल्स कारोबारी की फैक्ट्री और कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाके में हड़कंप