रायबरेली के गदागंज थाना क्षेत्र में रविवार रात तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में 50 वर्षीय इंद्रपाल की मौत हो गई, जबकि उनके बेटे शिवम और सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गए।
रायबरेली: जिले के गदागंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत बरारा बुजुर्ग चौराहे के पास रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एनटीपीसी ऊंचाहार से राख लादकर डलमऊ जा रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक सवार पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दोनों बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद वाहनों में आग लग गई, जिससे बाइक और डंपर दोनों जलकर पूरी तरह खाक हो गए।
डंपर की टक्कर से बाइक में लगी आग
जानकारी के मुताबिक, गदागंज थाना क्षेत्र के रहने वाले इंद्रपाल (50) कानपुर में फुटवियर बनाने का काम करते थे। रविवार रात वह पैसेंजर ट्रेन से बरारा बुजुर्ग हॉल्ट पर उतरे थे। उन्हें घर ले जाने के लिए उनके दोनों बेटे शिवम (20) और सत्यम (18) बाइक से हॉल्ट पहुंचे थे। तीनों लोग डलमऊ से अपने घर लौट रहे थे, तभी रात करीब 10 बजे बरारा बुजुर्ग चौराहे के पास पीछे से आ रहे डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक में तुरंत आग लग गई। देखते ही देखते आग की चपेट में डंपर भी आ गया और दोनों वाहन जलने लगे।
भीषण हादसे में पिता की मौत
घटना के बाद चालक मौका पाकर डंपर छोड़कर फरार हो गया। आग की विकराल लपटों को देख स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल कर्मियों की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में इंद्रपाल की मौत हो गई और उनके दोनों बेटे शिवम व सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है और तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- काशी में एयर शो की रिहर्सल शुरू, राफेल-तेजस और सुखोई ने भरी उड़ान