कर्मचारी संगठन ने मध्यप्रदेश सरकार से केंद्रीय कर्मचारियों की तर्ज़ पर महंगाई भत्ता (DA) तीन प्रतिशत बढ़ाकर 58% करने की मांग की है, ताकि इसे कर्मचारियों के लिए दिवाली के तोहफे के रूप में दिया जा सके।
जबलपुर। केंद्र सरकार द्वारा अपने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में तीन फीसदी की बढ़ोतरी को मंज़ूरी दिए जाने के बाद, अब मध्य प्रदेश के राज्य कर्मचारियों ने भी इसी तर्ज़ पर अपने भत्ते में वृद्धि की मांग उठाई है। मध्यप्रदेश जागरूक अधिकारी कर्मचारी संगठन ने राज्य सरकार से मांग की है कि केंद्रीय कर्मचारियों के समान राज्य कर्मचारियों का महंगाई भत्ता भी तीन प्रतिशत बढ़ाकर 55 से 58 फीसदी किया जाए। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राबर्ट मार्टिन और अन्य कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि प्रदेश के समस्त कर्मचारियों को यह वृद्धि दीपावली के तोहफे के रूप में तत्काल प्रदान की जाए।
समयमान वेतनमान को तरस रहे शिक्षक
संगठन ने बताया कि उच्चतर माध्यमिक शिक्षक पिछले दो साल से समयमान वेतनमान के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इस संबंध में भोपाल से लेकर दिल्ली तक कई बार पत्राचार और शिकायतें की गईं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है। महंगाई भत्ते की मांग के साथ ही, वर्ग-1 के उच्चतर माध्यमिक शिक्षकों को समयमान वेतनमान नहीं दिए जाने का मुद्दा भी उठाया गया है। कर्मचारी नेताओं ने विरोध जताते हुए कहा कि जहां शिक्षकों के दो मिनट देरी से आने पर भी उनका वेतन काट लिया जाता है, वहीं उन्हें उनका हक, समयमान वेतनमान, नहीं दिया जा रहा है। कर्मचारियों के बीच इस दोहरे मापदंड को लेकर गहरा असंतोष है।