स्विट्ज़रलैंड के दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) 2026 के दौरान मध्य प्रदेश को वैश्विक निवेशकों से सकारात्मक संकेत प्राप्त हुए हैं।
भोपाल। स्विट्ज़रलैंड के दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) 2026 के दौरान मध्य प्रदेश को वैश्विक निवेशकों से सकारात्मक संकेत प्राप्त हुए हैं। प्रतिष्ठित वैश्विक कंपनी गूगल ने मध्य प्रदेश में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), आईटी सक्षम सेवाएँ (ITES) तथा डेटा सेंटर के क्षेत्र में निवेश में गहरी रुचि व्यक्त की है।
गूगल प्रमुख तकनीकी हब के रूप में विकसित करने में करेगा सहयोग
गूगल ने मध्य प्रदेश सरकार के प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वह राज्य को एक प्रमुख टेक्नोलॉजी हब के रूप में विकसित करने में हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने एशिया-प्रशांत क्षेत्र के लिए गूगल के अध्यक्ष संजय गुप्ता के साथ निवेश और तकनीकी सहयोग के अवसरों पर विस्तृत चर्चा की। विशेष रूप से कृषि क्षेत्र में डिजिटल नवाचार और Gemini AI के उपयोग पर विचार-विमर्श किया गया।
इन क्षेत्रों में भी खोजे गये अवसर
इसके अतिरिक्त, एवरस्टोन ग्रुप के अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा ने राज्य के निर्माण, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा तथा खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं में रुचि दिखाई। श्रीलंका की कंपनी John Keells Holdings PLC ने लॉजिस्टिक्स, पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी एवं फूड प्रोसेसिंग क्षेत्रों में निवेश अवसरों पर चर्चा की। TES-H2 कंपनी ने सिंथेटिक मीथेन एवं लो-कार्बन फ्यूल्स के क्षेत्र में संभावनाओं से अवगत कराया।
मुख्यमंत्री प्रस्तुत करेंगे विकास का एजेंडा
मुख्यमंत्री मोहन यादव बुधवार को वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में भाग लेकर राज्य का विकास एजेंडा प्रस्तुत करेंगे तथा प्रमुख कंपनियों के साथ महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर करेंगे। वे नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यटन और अधोसंरचना सहित विभिन्न क्षेत्रों में निवेश संभावनाओं पर उद्योग जगत के अग्रणी नेताओं के साथ संवाद करेंगे। "Investment in India: Madhya Pradesh – A Strategic Investment Hub" पहल के अंतर्गत राज्य की औद्योगिक क्षमता, बुनियादी ढांचे की तैयारियाँ एवं क्षेत्र-विशेष नीतियाँ वैश्विक निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत की जाएँगी। मध्य प्रदेश सरकार वैश्विक निवेश को प्रोत्साहित कर राज्य को तकनीक, ऊर्जा एवं औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/ashoknagar-collector-removed-over-complaints-saket-malviya-takes-charge/105961
साकेत मालवीय बने अशोकनगर के नये कलेक्टर, आदित्य सिंह हटाए गये