कासिम बाजार थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से पिस्टल, कट्टा और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए।
मुंगेर: कासिम बाजार थाने की पुलिस ने अवैध हथियारों के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक पिस्टल, एक कट्टा और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों हथियारों की खरीद-बिक्री की तैयारी में जुटे थे।
विशेष टीम गठित कर की गई छापेमारी
एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि कासिम बाजार थानाध्यक्ष रुबी कांत कच्छप को सूचना मिली थी कि शास्त्री नगर गली नंबर चार स्थित अजीत कुमार उर्फ मिट्ठू के घर में अवैध हथियार छिपाकर रखे गए हैं। उनकी खरीद-बिक्री की योजना बनाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। पुलिस टीम जब पहुंची तो घर के बरामदे में तीन लोग बैठे थे।
तलाशी के दौरान पुलिस ने एक पिस्टल, एक कट्टा और आठ कारतूस किया बरामद
पुलिस को देखते ही तीनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपित शास्त्री नगर निवासी अजीत कुमार उर्फ मिट्ठू, सुमन सौरभ उर्फ छोटू मंडल और वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर निवासी दिवाकर कुमार उर्फ अन्नू कुमार है। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक पिस्टल, एक कट्टा और आठ कारतूस बरामद किए।
घर में छिपाकर रखे थे हथियार
पूछताछ में अजीत कुमार ने स्वीकार किया कि उसने कुछ दिन पहले हथियार खरीदे थे और घर में छिपाकर रखे थे। हालांकि, हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के बारे में नहीं बताया गया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में तीनों ने अवैध हथियार कारोबार में संलिप्त होने की बात स्वीकार की है। पिस्टल करीब 20 हजार रुपये और कट्टा चार हजार रुपये में खरीदकर ऊंची कीमत पर बेचता था और मुनाफा आपस में बांट लेते थे।
मुख्य आरोपित अजीत कुमार का रहा है आपराधिक इतिहास
एसपी ने बताया कि मुख्य आरोपित अजीत कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है। वह अपहरण के एक मामले में जेल जा चुका है और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब हथियार सप्लाई करने वाले पूरे नेटवर्क की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई में जुट गई है।
ये भी पढ़ें- बहराइच में नीम के पेड़ पर दिखी हनुमान जैसी आकृति, दर्शन के लिए उमड़ी भीड़