बिहार के नालंदा में एनएच-20 पर ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में पति-पत्नी की मौत हो गई। दोनों बिहार शरीफ खरीदारी के लिए जा रहे थे, पुलिस ने वाहन जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नालंदा: बिहार के नालंदा जिले में बख्तियारपुर-रजौली एनएच-20 पर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। यह घटना वेना थाना क्षेत्र के डेंटल कॉलेज, पैठना फ्लाईओवर पर घटी है। हादसे के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। मृतकों की पहचान पटना जिले के बेलछी थाना क्षेत्र स्थित जोधन बीघा गांव निवासी विजय साव के पुत्र (37) नीतीश कुमार और उनकी पत्नी (30) विनीता देवी के रूप में हुई है। दंपती अपने गांव से बाइक पर सवार होकर मार्केटिंग के लिए बिहार शरीफ आ रहे थे।
पैठना फ्लाईओवर के पास हुई टक्कर
बताया जाता है कि वे लोग अपने गांव के पास स्थित बाघाट बीघा गांव में ज्वेलरी शॉप चलाते थे। उसी के सिलसिले में खरीदारी करने निकले थे। पैठना फ्लाईओवर के पास पहुंचते ही उनकी बाइक की टक्कर एक ट्रैक्टर से हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पति-पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर और बाइक को किया जब्त
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत एनएचआई की एंबुलेंस द्वारा बिहार शरीफ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर और बाइक को जब्त कर लिया है।
ये भी पढ़ें- घर लौट रहे सब्जी विक्रेता की गोली मारकर हत्या, गांव में आक्रोश; पुरानी रंजिश के एंगल पर जांच