महाराष्ट्र के नासिक में एक युवती की सरेआम गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस घटना से कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
नासिक: महाराष्ट्र के नासिक से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जहां इंदिरानगर इलाके में शुक्रवार रात एक युवती की धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस खूनी खेल से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। इस घटना से कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पेइंग गेस्ट के तौर पर रह रही थी युवती
मिली जानकारी के अनुसार, वारदात इंदिरानगर स्थित वनसंपदा सोसायटी के पास दत्त मंदिर इलाके में शुक्रवार रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच हुई। मृतका की पहचान वैष्णवी आवारे के रूप में हुई है, जो इस इलाके में एक पेइंग गेस्ट (PG) के तौर पर रह रही थी। शुक्रवार रात जब वह सड़क से गुजर रही थी, तभी एक अज्ञात हमलावर ने उस पर अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया और उसका गला रेत दिया। हमला इतना जोरदार था कि वैष्णवी लहुलूहान होकर वहीं गिर पड़ी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। लहूलुहान हालत में वैष्णवी को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रेम प्रसंग का हो सकता है विवाद
पुलिस के प्राथमिक अनुमान के मुताबिक, इस जघन्य हत्याकांड के पीछे प्रेम प्रसंग का विवाद हो सकता है। घटना की सूचना मिलते ही इंदिरानगर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और मामले की बारीकी से तफ्तीश की जा रही है। आरोपी की धरपकड़ के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल सर्विलांस की मदद ली जा रही है।
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जताई गई चिंता
इस वीभत्स हत्याकांड के बाद से इंदिरानगर और आसपास के परिसरों में डर का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने सरेराह हुई इस घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- सिया-चेतन की शादी के दावों की जांच के लिए राजस्थान पहुंची पुणे पुलिस