मोतिहारी पुलिस द्वारा अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत झरोखर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई की है।
मोतिहारी: मोतिहारी पुलिस द्वारा अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत झरोखर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की एक बाइक के साथ नेपाल के एक युवक को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र के वाहन चोर गिरोह में हड़कंप मच गया है।
वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक पकड़ी
मिली जानकारी के अनुसार झरोखर थाना क्षेत्र के डामर चौक के पास पुलिस ने विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया था। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक को रोककर उसकी गहन जांच की गई। पुलिस ने आधुनिक HHD मशीन के माध्यम से जब वाहन के कागजातों और नंबरों का मिलान किया, तो बड़ा खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर और चेचिस नंबर दोनों अलग-अलग हैं। नंबरों में भिन्नता पाए जाने पर पुलिस को वाहन के चोरी का होने का संदेह हुआ।
नेपाल का रहने वाला है गिरफ्तार युवक
मामला संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने बाइक सवार युवक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान शेषनाथ पटेल के रूप में हुई, जो नेपाल के बारा जिले के सिमौनगढ़ थाना अंतर्गत अमरपुर गांव का रहने वाला है। पुलिस ने चोरी की बाइक को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
मामले की पुष्टि करते हुए झरोखर थानाध्यक्ष आरिफ हुसैन ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर डामर चौक के समीप वाहन जांच के दौरान यह सफलता हासिल हुई है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। थानाध्यक्ष ने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि अपराधियों पर नकेल कसी जा सके।
ये भी पढ़ें: औरंगाबाद में पशु तस्करी का खुलासा, पिकअप से 8 गौवंश बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार