प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

रायबरेली में चाचा की हत्या

रायबरेली: शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान भतीजे ने की चाचा की पीट-पीटकर हत्या

रायबरेली के चंदापुर थाना क्षेत्र में शराब के नशे में हुए मामूली विवाद के बाद एक भतीजे ने कथित तौर पर अपने ही चाचा की पीट-पीटकर हत्या कर दी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

रायबरेली शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान भतीजे ने की चाचा की पीट-पीटकर हत्या

चंदापुर थाना; रायबरेली |

रायबरेली (उत्तर प्रदेश)। चंदापुर थाना क्षेत्र के जनई गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रविवार रात शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान एक भतीजे ने कथित तौर पर अपने ही चाचा की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आया और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भतीजे को हिरासत में ले लिया है।

​नशे में हुआ मामूली विवाद बना खूनी संघर्ष

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जनई गांव निवासी 50 वर्षीय नर सिंह उर्फ ददन सिंह के कोई संतान नहीं थी। करीब 20 साल पहले उनकी पत्नी उन्हें छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद से वह अपने भाई के बेटों रौनक सिंह उर्फ खटका और राजवंश के साथ ही रह रहे थे।

​रविवार रात करीब 11 बजे की घटना

​रविवार रात करीब 11 बजे नर सिंह और उनका भतीजा रौनक सिंह दोनों शराब के नशे में थे। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आकर रौनक ने चाचा नर सिंह की लात-घूसों से बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान नर सिंह जमीन पर गिर पड़े और वहां पड़ी एक ईंट से टकराने के कारण उनके सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आ गईं, जिससे वह लहूलुहान होकर अहोश हो गए।

​अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

​घटना के तुरंत बाद परिजनों ने गंभीर हालत में नर सिंह को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके मुंह और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान साफ देखे गए। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी महराजगंज प्रदीप कुमार फोरेंसिक टीम और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया।

​पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी

​मृतक के बड़े भाई जय सिंह के बेटे राजवंश की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी रौनक सिंह के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। ​सीओ महराजगंज प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों शराब पीने के आदी थे और नशे की हालत में उपजे विवाद के चलते यह दुर्घटना व हत्या हुई। पुलिस ने मुख्य आरोपी रौनक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें: कनाडा 30 वर्षों में सबसे बड़ा व्यापार प्रतिनिधिमंडल भारत लाएगा, सीईपीए वार्ता पर रहेगा विशेष ध्यान

Related to this topic: