लखनऊ में आयोजित न्यूरोपेडिकॉन-2026 के 25वें वार्षिक सम्मेलन में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि स्वस्थ बच्चे विकसित राष्ट्र की आधारशिला हैं। डॉ. रश्मि कुमार को मिला लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड।
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। लखनऊ में बाल चिकित्सा तंत्रिका विज्ञान के क्षेत्र में नवीनतम शोध, आधुनिक उपचार पद्धतियों और चिकित्सा नवाचारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित ‘न्यूरोपेडिकॉन-2026’ के 25वें तीन दिवसीय वार्षिक सम्मेलन में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने ब्रजेश पाठक ने कहा कि स्वस्थ बच्चे ही विकसित राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। आज का नया उत्तर प्रदेश मेडिकल के क्षेत्र में नित नए आयाम स्थापित कर रहा है।
यूपी में मजबूत हो रहा मेडिकल का ढांचा
एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी (उत्तर प्रदेश चैप्टर) द्वारा लखनऊ एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स एवं किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के पीडियाट्रिक्स विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में बाल चिकित्सा तंत्रिका विज्ञान से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। उप मख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि मेडिकल सेक्टर में उत्तर प्रदेश एक बड़ा नेटवर्क खड़ा करने में सफल हुआ है। वर्ष 2017 के बाद से उत्तर प्रदेश लगातार विकास पथ पर अग्रसर है।
जल्द नंबर वन बनेगा राज्य का हेल्थ सेक्टर
उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए विभिन्न उल्लेखनीय कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि बहुत जल्द उत्तर प्रदेश मेडिकल के क्षेत्र में देश में नंबर वन का स्थान प्राप्त करेगा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में आयुष्मान भारत योजना एक गेम चेंजर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आमजन को गुणवत्तापरक स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सभी को बेहतर चिकित्सा व्यवस्था मिले, यह हमारी प्रतिबद्धता है।
निरंतर शोध, आधुनिक तकनीक का करें उपयोग
उपमुख्यमंत्री ने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, बीमारियों के समयबद्ध निदान और गुणवत्तापूर्ण उपचार के लिए चिकित्सा क्षेत्र में निरंतर शोध, आधुनिक तकनीक के उपयोग तथा विशेषज्ञों के बीच ज्ञान के आदान-प्रदान के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य प्रदान करने के लिए चिकित्सा विशेषज्ञों का अनुभव, समर्पण और अनुसंधानपरक दृष्टिकोण अत्यंत महत्वपूर्ण है।
लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित हुईं डॉ. रश्मि कुमार
सम्मेलन के दौरान वरिष्ठ पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. रश्मि कुमार को चिकित्सा, शोध एवं बाल चिकित्सा तंत्रिका विज्ञान के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। डॉ. रश्मि कुमार ने उत्तर प्रदेश में पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी की नींव रखने के साथ ही केजीएमयू में पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी यूनिट की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके नाम लगभग 130 शोध पत्र दर्ज हैं। वह 170 से अधिक आमंत्रित व्याख्यान दे चुकी हैं और प्रिंसिपल इन्वेस्टिगेटर के रूप में 13 प्रमुख शोध परियोजनाओं का नेतृत्व कर चुकी हैं। वर्ष 2022 से लगातार स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में उनका शामिल होना उनकी शोध एवं अकादमिक उपलब्धियों को दर्शाता है।
दस से अधिक शोध पत्रिकाओं का विमोचन
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी से संबंधित दस से अधिक शोध पत्रिकाओं एवं स्मारिका का विमोचन भी किया। इन प्रकाशनों के माध्यम से बाल चिकित्सा तंत्रिका विज्ञान के क्षेत्र में हुए नवीनतम अनुसंधानों, चिकित्सा संबंधी नवाचारों और विशेषज्ञों के अनुभवों को साझा करने का अवसर मिलेगा। इससे चिकित्सा विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं एवं भावी चिकित्सकों को नवीन वैज्ञानिक जानकारियों से जोड़ने और बच्चों के बेहतर उपचार की दिशा में प्रयासों को गति देने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें: पेरिस के SIAL 2026 में यूपी के उत्पादों की धूम, 15 नए देशों के खरीदारों से जुड़ी बरेली की ग्रोवर फूड्स