बांदा में 20 वर्षीय विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। मायके पक्ष ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है।
बांदा (उत्तर प्रदेश)। जिले के कालिंजर थाना क्षेत्र के मसौनी रक्सी गांव में आठ माह पहले विवाह बंधन में बंधी 20 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। विवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने के बाद जहां ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, वहीं मायके वालों ने पति पर हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है।
पति ने बताई घटना की जानकारी
मृतका की पहचान सुमन (20) पत्नी श्यामबाबू के रूप में हुई है। पति के मुताबिक वह अपने बड़े भाई सीताराम के यहां टैंक बनाने का काम करने गया था। जाने से पहले पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उसका कहना है कि पत्नी ने उसकी जेब से 200 रुपये निकाल लिए थे और गुटखा खाने के लिए 20 रुपये भी नहीं दिए। शाम को घर लौटने पर उसने पत्नी का शव छप्पर की धन्नी में बांस की बल्ली से साड़ी के फंदे पर लटका देखा।
मायके पक्ष ने लगाए हत्या के आरोप
वहीं मृतका के चाचा प्रेम बाबू, निवासी जरोहरा (बिसंडा), ने आरोप लगाया कि सुमन की शादी करीब आठ माह पहले हुई थी और शादी के बाद से ही उसका पति आए दिन मारपीट करता था। उनका आरोप है कि पति शराब पीने के लिए 200 रुपये मांग रहा था। रुपये न देने पर उसने सुमन की पिटाई कर हत्या कर दी और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
सूचना पर पहुंची कालिंजर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।
यह भी पढ़े: नरसिंहपुर में जर्जर दीवार गिरने से महिला मजदूर की मौत, सुरक्षा में लापरवाही के आरोप