प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

PNG के ग्राहकों को नहीं मिलेगा LPG सिलेंडर

MP में रसोई गैस के महासंकट से आम उपभोक्ता बेहाल

मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों में रसोई गैस (LPG) की भारी किल्लत के कारण आम जनजीवन और व्यापारिक गतिविधियाँ बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।

mp में रसोई गैस के महासंकट से आम उपभोक्ता बेहाल

फाइल फोटो |

भोपाल/नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों में रसोई गैस (LPG) की भारी किल्लत के कारण आम जनजीवन और व्यापारिक गतिविधियाँ बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। ईरान-इजरायल युद्ध के कारण सप्लाई चेन बाधित होने से राज्य में यह संकट गहराया है।सरकार ने बड़ा फैसला लिया है कि PNG के ग्राहकों को LPG सिलेंडर नहीं मिलेगा।

50, 000 होटलों को सिलेंडर की आपूर्ति बाधित

होटलों में 'क्राइसिस मेन्यू': पिछले 6 दिनों से राज्य के 50,000 से अधिक होटल और रेस्टोरेंट्स को कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई नहीं मिली है। इसके कारण भोपाल और इंदौर के कई रेस्टोरेंट्स ने अपना मेन्यू बदल दिया है।

ज्यादा गैस खपत वाले व्यंजन मेन्यू से हटाए

होटल एसोसिएशन ने 'तवा रोटी' की जगह पारंपरिक कोयले वाले 'तंदूर' के उपयोग की सलाह दी है। गैस की कमी के चलते किचन अब बिजली से चलने वाले इंडक्शन चूल्हों पर शिफ्ट हो रहे हैं। कई बड़ी फूड चेंस ने अपनी 60-80% कुकिंग इंडक्शन पर शुरू कर दी है, जिससे बाजार में इंडक्शन चूल्हों की मांग और कीमतें दोनों बढ़ गई हैं।

पैनिक बूकिंग रोकने नए नियम

घरेलू सिलेंडर (14.2 kg) के लिए पूरे प्रदेश में मारामारी मची हुई है। लोग 8-8 घंटे लंबी लाइनों में लगकर सिलेंडर का इंतजार कर रहे हैं। सरकार ने पैनिक बुकिंग रोकने के लिए नए नियम लागू किए हैं, जिसके तहत अब अगले सिलेंडर की बुकिंग 25 दिनों के अंतराल पर ही की जा सकेगी।

कालाबाजारी रोकने प्रदेश भर में छापामारी

मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला कलेक्टरों ने गैस एजेंसियों पर अधिकारियों की तैनाती की है। कालाबाजारी रोकने के लिए प्रदेश भर में छापेमारी जारी है। हाल ही में इंदौर और जबलपुर में अवैध रूप से जमा किए गए दर्जनों सिलेंडर जब्त किए गए हैं।

इसलिए गहराया संकट

वैश्विक स्तर पर होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में तनाव के कारण भारत आने वाले एलपीजी टैंकरों की आवाजाही प्रभावित हुई है। हालांकि, पेट्रोलियम मंत्रालय ने आश्वासन दिया है कि नए कार्गो भारत पहुँच रहे हैं और जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी। प्रशासन ने अपील की है कि उपभोक्ता घबराकर (Panic) एक्स्ट्रा बुकिंग न करें और कालाबाजारी करने वालों की सूचना तुरंत खाद्य विभाग को दें।

खंडवा में होटल टिक्कड़ पर छापा, 27 गैस सिलेंडर जब्त

खंडवा में प्रशासन ने अवैध रूप से गैस सिलेंडर रखने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित होटल टिक्कड़ पर छापामार कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने 27 एलपीजी गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। जब्त सिलेंडरों की कुल कीमत करीब 1 लाख 71 हजार रुपये बताई जा रही है।

अधिकारियों की टीम ने छापा मारा

जानकारी के अनुसार, प्रशासन को खंडवा के होटल में बिना वैध दस्तावेजों के गैस सिलेंडर उपयोग किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद अधिकारियों की टीम ने होटल पर छापा मारा। जांच के दौरान होटल में रखे सिलेंडरों के संबंध में होटल प्रबंधन कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने सभी 27 एलपीजी सिलेंडर जब्त कर लिए। होटल के मालिक और मैनेजर के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।

सुरक्षा की दृष्टि से भी खतरनाक

प्रशासन का कहना है कि अवैध रूप से गैस सिलेंडर का भंडारण और उपयोग सुरक्षा की दृष्टि से भी खतरनाक है। इसलिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

उज्जैन में गैस सिलेंडर की किल्लत पर कार्रवाई तेज, 80 सिलेंडर जब्त

उज्जैन में गैस सिलेंडर की कमी और कालाबाजारी की शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पिछले तीन दिनों में करीब 1.25 लाख रुपये मूल्य के 80 एलपीजी गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। सहायक खाद्य नियंत्रक संतोष सिमोलिया ने बताया कि आपूर्ति विभाग की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। गुरुवार और शुक्रवार को करीब 20 प्रतिष्ठानों पर जांच और कार्रवाई की गई।

गैस संकट के बीच सरकार का बड़ा फैसला

गैस संकट के बीच सरकार ने बड़ा फैसला लिया है कि PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को घरेलू LPG सिलेंडर नहीं देने का निर्णय लिया है। इससे गैस की जमाखोरी रोकना और जरूरतमंद उपभोक्ताओं को पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करना बताया गया है।

सरेंडर करना होगा एलपीजी कनेक्शन

जानकारी के अनुसार जिन उपभोक्ताओं के घरों में पहले से PNG कनेक्शन उपलब्ध है, उन्हें अब घरेलू एलपीजी सिलेंडर का लाभ नहीं मिलेगा। ऐसे उपभोक्ताओं को अपना LPG कनेक्शन सरेंडर करना होगा। सरकार का मानना है कि कई जगहों पर लोग PNG कनेक्शन होने के बावजूद LPG सिलेंडर भी ले रहे थे, जिससे गैस की उपलब्धता प्रभावित हो रही थी।

कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

इस बीच, कांग्रेस ने गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है। पार्टी नेताओं का कहना है कि वे इस मुद्दे पर जल्द ही कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेंगे। प्रशासन ने साफ किया है कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी या अवैध उपयोग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इधर, कटनी में सीएम का विपक्ष पर तंज

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को कटनी जिले के बरही में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विपक्ष, खासकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। कहा, कांग्रेस लगातार झूठ बोल रही है, जबकि देश के संकट और युद्ध जैसे कठिन समय में हमारे जहाज तिरंगा लेकर आगे बढ़ते रहे हैं।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/mp-ias-officers-wealth-reveals-stark-disparities-acs-manu-srivastava-tops/149380

मध्य प्रदेश आईएएस अधिकारियों की संपत्ति में बड़ा अंतर, ACS मनु श्रीवास्तव सबसे अमीर

Related to this topic: