बैतूल के कई गांवों में बीते 6 दिन से बिजली नहीं आने की वजह से ग्रामीणों का जन-जीवन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में ग्रामीणों ने समाधान ना होने पर बिजली विभाग का घेराव कर चक्का जाम करने की चेतावनी दी है।
बैतूल: मध्य प्रदेश के बैतूल में भैंसदेही विकासखण्ड क्षेत्र के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के 5 गांव पाटोली, बानुर माजरी डोडरा, सहित विगत 6 दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। इन गांवों में बिजली नहीं होने से मोबाइल, नल-जल योजना आटा चक्की जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं बंद हो गई हैं, जिसकी वजह से लोगों काफी परेशानी हो रही है।
करीब 6 दिन पहले टूट गया था 11 केवी बिजली का पोल
ऐसे में बिजली विभाग को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश पनप रहा है। गांव के कृष्णा, जगन मेटकर, रतिराम ने बताया कि करीब 6 दिन पहले 11 केवी बिजली का पोल टूट गया था, जिससे 5 गांव की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। इस मामले की कई बार बिजली विभाग को सूचना दी गई, लेकिन बिजली विभाग ने आज तक इसका समाधान नहीं किया।
समाधान ना होने पर करेंगे चक्का जाम
ग्रामीणों ने बताया कि मॉनसून में हो रही बारिश और जहरीले जीव जन्तुओं से रात में जान का खतरा बना रहता है। छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। सभी ग्रामीण दिए जलाकर रात गुजारने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने चैतावनी दी है कि अगर जल्द ही इस समस्या का हल नहीं हुआ तो सभी ग्रामीण बिजली विभाग का घेराव कर चक्का जाम करेंगे।
ये भी पढ़ें- उमरिया में 18 वर्षीय युवती का पेड़ से लटका मिला शव, मौत की वजह तलाश रही पुलिस