उत्तर प्रदेश में राज्य सरकार ने एक किलोवाट तक के घरेलू विद्युत कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं का बैलेंस निगेटिव होने पर भी 30 दिनों तक कनेक्शन नहीं काटने का ऐलान किया है।
लखनऊ (यूपी)। उत्तर प्रदेश में प्रीपेड स्मार्ट मीटर को लेकर छिड़े विवाद के बीच बिजली विभाग ने राज्य के उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए एक किलोवाट तक के घरेलू विद्युत कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं का बैलेंस निगेटिव होने पर भी 30 दिनों तक कनेक्शन नहीं काटने का ऐलान किया है। यूपी के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को निर्देश जारी किये हैं।
छोटे उपभोक्ताओं के लिए सरकार का राहत भरा कदम
प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने प्रदेश के विद्युत उपभोक्ताओं, विशेषकर कम लोड वाले घरेलू उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मंत्री शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि 1 किलोवाट तक के विद्युत कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं का यदि बैलेंस नेगेटिव भी हो जाए, तब भी 30 दिनों तक उनका कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।
कनेक्शन काटने से पहले मिलेंगे 5 SMS अलर्ट
शर्मा ने कहा कि माह का चक्र पूरा होने से पहले किसी भी स्थिति में कनेक्शन काटा नहीं जाएगा। साथ ही, पारदर्शिता और उपभोक्ता सुविधा को ध्यान में रखते हुए कनेक्शन काटने से पूर्व उपभोक्ताओं को 5 अनिवार्य SMS अलर्ट भेजे जाएंगे, जिससे उन्हें समय रहते भुगतान का अवसर मिल सके।
2 किलोवाट उपभोक्ताओं को भी मिली आंशिक छूट
इसी क्रम में 2 किलोवाट के कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को भी राहत प्रदान की गई है। ऐसे उपभोक्ताओं का विद्युत कनेक्शन ₹200 तक के माइनस बैलेंस पर नहीं काटा जाएगा। इनके लिए भी 5 चरणों में SMS सूचना प्रणाली लागू की गई है, जिससे किसी भी असुविधा से बचा जा सके।
गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
राज्य में बढ़ती गर्मी को देखते हुए मंत्री एके शर्मा ने सभी जिलों के अधिकारियों को विद्युत अनुरक्षण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में विद्युत आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए बड़े पैमाने पर कार्य किए गए हैं। अब तक लगभग 30 लाख नए विद्युत खंभे स्थापित किए जा चुके हैं तथा ट्रांसफार्मरों की क्षमता में भी व्यापक वृद्धि की गई है।
निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए जताई प्रतिबद्धता
मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश देश में सर्वाधिक विद्युत आपूर्ति करने वाला राज्य बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि इस भीषण गर्मी में प्रदेश की जनता को बिजली की दृष्टि से किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। सरकार पूरी तरह से सजग है और निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/world/power-struggle-in-iran-vahidi-gains-upper-hand-ghalibaf-may-quit/179249
ईरान में सत्ता संघर्ष तेज: IRGC के वहीदी हावी, ग़ालिबाफ के इस्तीफे की अटकलें