प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

बलिया में पाटीदारों के बीच खूनी संघर्ष

गाली-गलौज का विरोध करने पर पाटीदारों ने दो भाइयों को घोंपा चाकू, एक की मौत, दूसरा BHU रेफर; 3 हिरासत में

बलिया के उभांव थाना क्षेत्र में पाटीदारों के बीच हुए विवाद के दौरान चाकूबाजी में एक सगे भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

गाली-गलौज का विरोध करने पर पाटीदारों ने दो भाइयों को घोंपा चाकू एक की मौत दूसरा bhu रेफर 3 हिरासत में

One Dead, Another Injured in Knife Attack During Family Dispute in Ballia |

बलिया (उत्तर प्रदेश)। उभांव थाना क्षेत्र के सोनाडीह के दोथ गांव में 10 सितंबर की रात पाटीदारों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। गाली-गलौज का विरोध करने और समझाने पहुंचे दो सगे भाइयों पर विपक्षियों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में घायल एक भाई की मऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे भाई की हालत गंभीर होने पर उसे वाराणसी स्थित बीएचयू अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में 3 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

गुरुवार रात करीब 10:00 बजे की घटना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार (10 सितंबर) रात करीब 10:00 बजे की है। गांव के ही पाटीदार रामकरण सिंह किसी बात को लेकर गाली-गलौज कर रहे थे। शोर सुनकर अमरेश बहादुर सिंह पुत्र स्व. जितेंद्र सिंह और उनके भाई मंजेश सिंह वहां पहुंचे और रामकरण को समझाने का प्रयास करने लगे। बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि रामकरण सिंह, उनके पिता गिरीश सिंह, भाई सूरज सिंह, बहन और मां ने मिलकर दोनों भाइयों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

घटना में दोनों भाई लहूलुहान हो गए

चाकूबाजी की इस घटना में दोनों भाई लहूलुहान होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों व परिजनों की मदद से दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) उभांव (सियर) पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जनपद मऊ के लिए रेफर कर दिया। मऊ में इलाज के दौरान अमरेश बहादुर सिंह की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मंजेश सिंह को बेहतर उपचार के लिए बीएचयू (वाराणसी) भेजा गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मृतक अमरेश बहादुर सिंह की पुत्री से तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। नामजद 5 अभियुक्तों में से 3 को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। शेष 2 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 3 पुलिस टीमें लगाई गई हैं, जिन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ​पुलिस के अनुसार, गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात है और वर्तमान में मौके पर पूरी तरह शांति व्यवस्था कायम है। 

यह भी पढ़ेंः मुंगेर में मांगों को लेकर बैंक कर्मियों का हल्लाबोल, 145 शाखाओं में काम ठप

Related to this topic: