मधुबनी जिले के बलिराजगढ़ में विवाद के दौरान ASI द्वारा सर्विस पिस्टल से की गई फायरिंग में अशोक यादव की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मधुबनी (बिहार)। जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र अंतर्गत बलिराजगढ़ में एक पुलिस अवर निरीक्षक (ASI) द्वारा कथित तौर पर की गई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल है।
मौके पर विवाद की स्थिति उत्पन्न
मिली जानकारी के अनुसार, बाबूबरही थाना में पदस्थापित एक ASI की बलिराजगढ़ के आसपास के गांव की एक महिला के साथ कथित अवैध संबंध होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि बीती रात ASI महिला के घर पहुंचा था। इसी दौरान ग्रामीणों ने उसे कथित तौर पर महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद मौके पर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।
गोली लगने से चार लोग घायल
आरोप है कि ग्रामीणों के बीच घिरने के बाद अपनी जान बचाने के लिए ASI ने अपनी सर्विस पिस्टल से चार राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से अशोक यादव समेत चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान अशोक यादव की मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
मधुबनी के SSP पूरे मामले का निरीक्षण कर रहे
घटना की सूचना मिलते ही मधुबनी के SSP योगेंद्र कुमार पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का निरीक्षण किया। SSP ने बताया कि संबंधित ASI को निलंबित (सस्पेंड) किया जा रहा है। उसके विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। आरोपी पुलिस पदाधिकारी की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में पुलिस की गतिविधियां तेज हो गई हैं। मामले की जांच जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
यह भी पढ़ेंः भिंड में 51 वर्षीय महिला से दिनदहाड़े लूट, बाइक सवार बदमाश सोने के गहने लेकर फरार