आरोप था कि आरोपी व्यक्तियों ने बैंक को धोखा देने के उद्देश्य से उच्च मूल्य के चेक जमा किए, जिन्हें बैंक द्वारा क्लियरेंस की प्रतीक्षा किए बिना ही स्वीकृत कर दिया गया था
पुणे (महाराष्ट्र) । केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की पुणे स्थित एक विशेष अदालत ने बैंक धोखाधड़ी मामले में दो निजी कंपनियों के मालिकों को तीन साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। इस मामले में तत्कालीन स्टेट बैंक ऑफ हैदराबाद को 55 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ था। सीबीआई की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अदालत ने 6 जुलाई को इस मामले में मेसर्स चंद्रकांत एस. लोढ़ा एंड कंपनी के मालिक चंद्रकांत लोढ़ा और मेसर्स ठक्कर एंड संस के मालिक परेश ठक्कर को दोषी ठहराया।
बिना क्लियरेंस चेक का भुगतान कर दिया
सीबीआई ने स्टेट बैंक ऑफ हैदराबाद की शिकायत के आधार पर 9 अक्टूबर, 2001 को स्टेट बैंक ऑफ हैदराबाद के तत्कालीन शाखा प्रबंधक बीआर दगड़े, स्टेट बैंक ऑफ हैदराबाद के तत्कालीन सहायक प्रबंधक वीएल काले, चंद्रकांत लोढ़ा और परेश ठक्कर के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
आरोप था कि आरोपी व्यक्तियों ने बैंक को धोखा देने के उद्देश्य से उच्च मूल्य के चेक जमा किए, जिन्हें बैंक द्वारा क्लियरेंस की प्रतीक्षा किए बिना ही स्वीकृत कर दिया गया था। जांच में पता चला कि आपराधिक साजिश को आगे बढ़ाते हुए, आरोपी चंद्रकांत लोढ़ा, जो मेसर्स चंद्रकांत एस लोढ़ा एंड कंपनी के मालिक हैं, ने आरोपी परेश ठक्कर द्वारा जारी किए गए 6.75 करोड़ रुपये के 18 उच्च मूल्य के चेक नासिक पीपुल्स कोऑपरेटिव बैंक में अपने स्वामित्व खाते से जमा किए, जिन्हें बैंक ने क्लियर कर दिया था।
अपनी सहयोगी कंपनियों के जरिए की धोखाधड़ी
इसके बाद, विनोद काले ने बीआर दगड़े की मंजूरी से चंद्रकांत लोढ़ा को चेक के परिणाम का पता चलने से पहले ही उनके चालू खाते से उच्च मूल्य के चेक जारी करने की अनुमति देकर निकासी को अधिकृत कर दिया। इस प्रकार, चंद्रकांत लोढ़ा ने अपने नाम और अपनी सहयोगी कंपनियों, जैसे मेसर्स एसी एंटरप्राइजेज, मेसर्स अक्षय ट्रेडर्स के नाम पर चेक जारी किए और इस प्रकार बैंक को 5.58 करोड़ रुपये का गलत नुकसान पहुंचाया। जांच पूरी होने के बाद, सीबीआई ने 28 अगस्त, 2003 को तत्कालीन शाखा प्रबंधक बीआर दगड़े, तत्कालीन सहायक प्रबंधक वीएल काले, चंद्रकांत लोढ़ा और परेश ठक्कर के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया। वर्ष 2025 में, महाराष्ट्र राज्य में सीबीआई अदालतों के अधिकार क्षेत्र के पुनर्गठन के बाद, यह मामला नासिक से पुणे न्यायालय में स्थानांतरित कर दिया गया। (एएनआई)