प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

पटना में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़

पटना के बिहटा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, 62 राउंड फायरिंग; भारी मात्रा में हथियार जब्त

पटना के बिहटा में पुलिस और बदमाशों के बीच नाव पर भीषण मुठभेड़। 62 राउंड फायरिंग में एक बदमाश घायल, अन्य गिरफ्तार। मौके से भारी मात्रा में अवैध हथियार जब्त। पढ़ें पूरी खबर।

पटना के बिहटा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ 62 राउंड फायरिंग भारी मात्रा में हथियार जब्त

Visual from the site |

पटना (बिहार)। बिहार की राजधानी पटना के दानापुर स्थित बिहटा थाना क्षेत्र में रविवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ की घटना सामने आई है। एक नाव पर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप दोनों ओर से भारी गोलीबारी हुई। इस घटना में एक आरोपी घायल हुआ है, जबकि कुछ पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं।

अनीश कुमार के रूप में हुई आरोपी की पहचान

घायल आरोपी की पहचान अनीश कुमार के रूप में हुई है, जिसे तत्काल प्रभाव से पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और उनसे सघन पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध हथियार भी जब्त किए हैं।

SSP ने की घटना की आधिकारिक पुष्टि

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्तिकेय कुमार शर्मा ने घटना की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम को एक नाव पर बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने जब बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, तो उनकी तरफ से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी गई, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई।

SSP शर्मा ने घटनाक्रम की जानकारी देते हुए कहा, "बदमाश नाव पर अवैध गतिविधियों में लिप्त थे। जब पुलिस ने उन्हें रोका (इंटरसेप्ट किया), तो दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। इस गोलीबारी में एक बदमाश घायल हुआ है, जबकि हमारे एक या दो पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं।"

62 राउंड हुई क्रॉस फायरिंग

पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक गोलीबारी हुई। इस दौरान बदमाशों की ओर से करीब 40 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिसके बचाव और जवाब में पुलिस ने 22 राउंड फायर किए। SSP कार्तिकेय कुमार शर्मा ने आरोपियों की पृष्ठभूमि के बारे में खुलासा करते हुए बताया कि ये आदतन अपराधी हैं और इनका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

उन्होंने बताया, "ये बदमाश पहले भी कई मामलों में शामिल रहे हैं। पिछले साल इनके पास से एक एके-47 (AK-47) बरामद की गई थी। इस बार भी तलाशी अभियान में भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं।" पुलिस ने मौके से जो हथियारों का जखीरा जब्त किया है, उसमें एक देशी राइफल, एक देशी कार्बाइन, दो देशी पिस्तौल, एक देशी कट्टा और लगभग 25 राउंड कारतूस शामिल हैं।
​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: औरंगाबाद में तेज रफ्तार हाईवा ने साइकिल सवार को कुचला, मौके पर मौत

Related to this topic: