जावर थाना क्षेत्र के ग्राम भकराड़ा में शासकीय भूमि पर हो रहे अवैध उत्खनन को रोकने पहुंचे पटवारी मयंक फुलेरिया पर माफियाओं ने ट्रैक्टर चढ़ाकर उन्हें जान से मारने की कोशिश की।
खंडवा (मध्य प्रदेश)। जिले के जावर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम भकराड़ा में मंगलवार को अवैध खनन माफियाओं के दुस्साहस का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां शासकीय भूमि पर हो रहे अवैध उत्खनन को रोकने पहुंचे पटवारी मयंक फुलेरिया पर माफियाओं ने ट्रैक्टर चढ़ाकर उन्हें जान से मारने की कोशिश की।
कार्रवाई शुरू करते ही हमले की कोशिश
पटवारी मयंक फुलेरिया को सूचना मिली थी कि भकराड़ा गांव में सरकारी जमीन से 'मुरूम' का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। जब वे मौके पर पहुंचे, तो वहां एक जेसीबी मशीन और चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां अवैध खुदाई और परिवहन में लगी हुई थीं। जैसे ही पटवारी ने कार्रवाई शुरू की और वाहनों को रोकने का प्रयास किया, ट्रैक्टर चालक कुंदन राजपूत ने पटवारी की ओर ट्रैक्टर मोड़ दिया और उन पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। पटवारी ने फुर्ती दिखाते हुए मौके से भागकर अपनी जान बचाई। हमले के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया और माफिया वहां से भागने लगे।
प्रशासन नेजेसीबी को जब्त किया
मौके पर मची भगदड़ के दौरान एक जेसीबी मशीन गड्ढे में फंस गई, जिसे प्रशासन ने तुरंत जब्त कर लिया। बाकी ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार होने में कामयाब रहे। इस मामले में जावर थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चालक कुंदन राजपूत, सावन भिलाला और मुकेश सोलंकी सहित 4 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और जानलेवा हमले (भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अवैध खनन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
तहसीलदार महेश सोलंकी के अनुसार, अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। यह घटना क्षेत्र में सक्रिय खनन माफियाओं के बेखौफ इरादों को दर्शाती है। यहाँ अब सरकारी कर्मचारी भी सुरक्षित नहीं हैं। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/two-children-drown-to-death-in-seoni-reservoir/183041
वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में बाघिन N6 ने दिए 4 शावकों को जन्म, बाघों की संख्या बढ़ी