प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता एअरपोर्ट से वर्चुअल माध्यम से पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के ताहेरपुर में आयोजित परिवर्तन संकल्प रैली में आए भाजपा के असंख्य कार्यकर्ताओं-समर्थकों को संबोधित किया।
कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता एअरपोर्ट से वर्चुअल माध्यम से पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के ताहेरपुर में आयोजित परिवर्तन संकल्प रैली में आए भाजपा के असंख्य कार्यकर्ताओं-समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि वे पश्चिम बंगाल में महा जंगल राज को खत्म करने और इस राज्य का भविष्य बनाने के लिए भाजपा को मौका दें। भाजपा की डबल इंजन की सरकार पश्चिम बंगाल में तेजी से विकास करेगी। पश्चिम बंगाल अब परिवर्तन चाहता है। उन्होंने टीएमसी पर बांग्लादेशी घुसपैठिओं को बचाने के लिए एसआइआर का विरोध करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गंगा बिहार से बंगाल आती है। बिहार में जीत हुई और अब बंगाल पर जीत प्राप्त करना है।
खराब मौसम के कारण ताहेरपुर नहीं पहुंच पाया पीएम मोदी का हेलीकाप्टर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नदिया जिले के ताहेरपुर जाना था। वहां उन्हें पहले सरकारी कार्यक्रम में हिस्सरा लेकर तीन हजार दो सौ करोड़ रुपए की सड़क निर्माण समेत दूसरी कई परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करना था और उसके बाद भाजपा की चौथी परिवर्तन संकल्प रैली में हिस्सा लेना था। वे तय समय पर कोलकाता एअरपोर्ट पहुंच आए और हेलीकाप्टर से ताहेरपुर रवाना हो गए। लेकिन उनका हेलीकाप्टर घोर कुहासा होने की वजह से ताहेरपुर उतर नहीं पाया और वह वापस कोलकाता एअरपोर्ट लौट गया। प्रधानमंत्री मोदी को असम में कार्यक्रम में जाना था। इसलिए वे सड़क से भी ताहेरपुर नहीं आ सके और उन्हें कोलकाता एअरपोर्ट से ही वर्चुअल माध्यम से सड़क निर्माण समेत विकास की कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद भाजपा की परिवर्तन संकल्प रैली में आए अपार संख्या में कार्यकर्ताओं-समर्थकों को संबोधित करना पड़ा।
प्रधानमंत्री ने "वंदे मातरम" गीत को बताया बदलाव का राष्ट्र मंत्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्ला में जय निताई (प्रभु चैतन्य) और भाई-बहन व शुभेच्छा बोल अपने भाषण की शुरुआत की। उन्होंने ताहेरपुर नहीं पहुंच पाने की समस्या के बारे में जिक्र किया और ताहेरपुर रैली में आते वक्त रेल हादसे में मृत व्यक्तियों के प्रति दुख-संवेदना और घायल व्यक्तियों के स्वस्थ होने की कामना प्रकट की। उन्होंने चैतन्य और मतुआ समुदाय के गुरुओं की महिमाएं बताई और कहा कि करुणा, प्रेम, भक्ति, सामाजिक एकता के लिए उनका बड़ा अवदान है। उन्होंने बंकिम चंद्र के वंदे मातरम गीत का जिक्र कर कहा कि वह बदलाव का राष्ट्र मंत्र है।
टीएमसी पर लगाया पश्चिम बंगाल का विकास रोकने का आरोप
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्हें सोशल मीडिया से पता चला कि रास्ते में मोदी गो बैक लिखा पोस्टर लगा है। टीएमसी उनका विरोध करती है तो खूब करे। सौ बार हजार बार उनका विरोध करे। लेकिन वह पश्चिम बंगाल का विकास को नहीं रोके। यहां के लोगों को उनके अधिकार से वंचित नहीं करे। उन्हें दुखी नहीं करे।
बिहार में विकास कर जंगलराज को खत्म करने का दावा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बिहार में जंगल राज था। एनडीए की सरकार ने उसे खत्म कर विकास किया। वहां लोगों ने विकास के लिए एनडीए को जिताया। उन्होंने उस समय वहां कहा था कि गंगा बिहार से बंगाल जाती है। बिहार में जीत हुई है। बंगाल में महा जंगल राज है। यहां भी परिवर्तन और विकास की जरूरत है। बिहार के बाद अब बंगाल है। उन्होंने कहा कि यहां पहले लाल पार्टी थी। उसके बदले टीएमसी आई है। लेकिन टीएमसी में लाल पार्टी के लोग समा गए हैं। यहां वही सब हो रहा है जो पहले हो रहा था। यहां परिवर्तन की जरूरत है। त्रिपुरा में लाल पार्टी थी। जब से वहां परिवर्तन हुआ है, विकास हो रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने जिक्र किया कि सड़क निर्माण से कोलकाता से सिलागुड़ी जाने में दो घंटे की बचत होगी। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के विकास के लिए धन की कमी नहीं है। केंद्र सरकार पूरी मदद करती है और विकास के लिए समर्पित है। लेकिन पश्चिम बंगाल में विकास नहीं, भ्रष्टाचार है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/bus-accident-occurred-due-to-the-mismanagement-of-the-expressway-authority/101867
एक्सप्रेसवे अथारिटी की बदइंतजामियों से हुआ बस हादसा - जांच रिपोर्ट में खुलासा