प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के बड़जोड़ा में भाजपा की चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान पीएम ने कहा कि उन्होंने सुनिश्चित किया कि महिला आरक्षण कानून 2029 से लागू हो।
कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के बड़जोड़ा में भाजपा की चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान पीएम ने कहा कि उन्होंने सुनिश्चित किया कि महिला आरक्षण कानून 2029 से लागू हो। लेकिन निर्मम टीएमसी नहीं चाहती कि बंगाल की बहनों-बेटियों को 33 प्रतिशत आरक्षण मिले और वे एमएलए और एमपी बनें। उसने कांग्रेस से मिल कर महिला आरक्षण बिल का विरोध किया। उसने साजिश की कि महिलाओं को आरक्षण का कानून नहीं बने क्योंकि बंगाल की बेटियां उसके महाजंगल राज को चुनौती देती। उसने संविधान का गला घोटा है।
अब परिवर्तन का मन बना चुकी है बंगाल की जनता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बांग्ला नव वर्ष में वे पहली बार बंगाल में आए हैं। वे अक्षय तृतीया के शुभ दिन में आए है। उनकी सभाओं में पहले से ज्यादा लोग आ रहे हैं। पुराने रिकार्ड टूट रहे हैं। यह निर्मम सरकार के प्रति गुस्से का प्रतीक है। परिवर्तन के लिए बंगाल ठान चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा को महिलाओं का सबसे अधिक आशीर्वाद है। विकसित भारत बनाने में महिलाओं की भूमिका का विस्तार हुआ है। वे राजनीति में आगे आई हैं। टीएमसी नहीं चाहती कि बंगाल में वे आगे बढ़े।
संविधान और आदिवासियों का अपमान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि टीएमसी घुसपैठियों की सुनती है। उनके लिए हर कानून तोड़ती है। वह कलकत्ता हाई कोर्ट की नहीं सुनती। धर्म के नाम पर आरक्षण चाहती है। वह नहीं चाहती कि महिला आरक्षण कानून बने। उन्होंने कहा कि निर्मम टीएमसी को इसकी सजा मिलनी चाहिए। महाजंगल राज को महासजा मिलनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीएमसी को आदिवासी विरोधी बताया और कहा कि टीएमसी आदिवासियों से नफरत करती है। उसने राष्ट्रपति के चुनाव में द्रौपदी मुर्मूं को वोट नहीं दिया। राष्ट्रपत द्रौपदी मुर्म जब बंगाल आईं तो उनका अपमाना हुआ। टीएमसी बाबा साहेब आंबेडकर और संविधान का अपमान करती है।
डबल इंजन सरकार का वादा, टीएमसी के अंत की भविष्यवाणी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अब बंगाल में भाजपा का सीएम होगा। सीएम और पीएम मिलकर बंगाल में घर घर तक पीएम योजनाओं को पहुचाएंगे। डबल इंजन की सरकार डबल बेनिफिट देने वाली है। उन्होंने कहा कि टीएमसी का भयकाल जाने वाला है। भाजपा का सेवाकाल आने वाला है। टीएमसी के लोग डरे हुए है। टीएमसी के बड़े नेता धमकियां दे रहे हैं। उनकी धमकी खोखली है। बंगाल की जनता बंगाल टाइगर है। टीएमसी की सरकार हटा कर रहेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि टीएमसी के गुडे, सिंडीकेट, भ्रष्ट नेता जहां पहले चरण में चुनाव हो रहा है वहां 23 अप्रैल और जहां दूसरे चरण में चुनाव हो रहा है, वहां 29 अप्रैल के पहले थाने में आत्मसमर्पण कर लें।
बंगाल की जनता को नहीं मिला केंद्र की योजनाओं का लाभ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि असम, त्रिपुरा, ओडिशा, बिहार और जहां भी भाजपा की सरकार है, वहां-वहां केंद्र सरकार की सभी योजनाओं का लाभ मिला है। लेकिन बंगाल में निर्मम टीएमसी की सरकार ने केंद्र सरकारी की योजनाओं को लागू ही नहीं किया। उन्होंने केंद्र सरकार की सभी योजनाओं से मिलने वाले लाभों को विस्तार से गिनाया और कहा कि माताएं-बहनों को ही सबसे अधिक लाभ मिला है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/up-halts-smart-prepaid-meter-rollout-amid-consumer-protests/175624
यूपी में उपभोक्ताओं के विरोध के बाद स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने पर लगी रोक