वाराणसी में पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा और कैंट रेलवे स्टेशन परिसर पर कार्रवाई करते हुए एक विशेष अभियान चलाया. इस दौरान पुलिस ने 5 महिलाओं को गिरफ्तार किया.
वाराणसी: यात्रियों की सुरक्षा और कैंट रेलवे स्टेशन परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिगरा पुलिस ने शनिवार को विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने और यात्रियों को परेशान करने के आरोप में पांच महिलाओं को हिरासत में लिया गया। सभी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इन स्थानों पर चलाया गया चेकिंग अभियान
थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा के निर्देशन में रोडवेज चौकी प्रभारी विकास सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कैंट रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान स्टेशन परिसर में संदिग्ध रूप से घूम रहे लोगों पर नजर रखी गई। यात्रियों की शिकायतों के आधार पर पांच महिलाओं को हिरासत में लेकर थाने लाया गया।
सुरक्षा अभियान चलाने का क्या है मुख्य उद्देश्य
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कैंट रेलवे स्टेशन पूर्वांचल के सबसे व्यस्त स्टेशनों में से एक है, जहां प्रतिदिन हजारों यात्री आते-जाते हैं। ऐसे में स्टेशन परिसर को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर विशेष अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है।
इन लोगों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
सिगरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों से जबरन संपर्क करने, उन्हें परेशान करने या सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर स्टेशन परिसर या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे या कोई व्यक्ति उन्हें परेशान करे, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
ये भी पढ़ें- मुगलसराय के ऊपर उड़ते दिखे फाइटर विमान बने चर्चा का विषय