चंबल नदी के किनारे बसे इलाकों में रेत माफियाओं के बढ़ते हौसलों को पस्त करने के लिए मुरैना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
मुरैना। चंबल नदी के किनारे बसे इलाकों में रेत माफियाओं के बढ़ते हौसलों को पस्त करने के लिए मुरैना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। टेंटरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रायड़ी घाट पर पुलिस ने JCB मशीनों से उन रास्तों को खोदकर नष्ट कर दिया है, जिनका इस्तेमाल माफिया अवैध रेत के परिवहन के लिए करते थे।
दो दर्जन ट्रैक्टर-ट्रॉली खोद रहे थे चंबल नदी
मंगलवार रात को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें दो दर्जन से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉलियाँ अवैध रूप से चंबल नदी से रेत ले जाती दिखाई दे रही थीं। मुरैना एसपी समीर सौरभ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए। उनके निर्देश पर पुलिस बल ने रायड़ी घाट पहुंचकर मुख्य मार्ग से नदी तक जाने वाले सभी अस्थायी रास्तों को जेसीबी से खुदवा दिया ताकि वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद हो सके।
अचानक कार्रवाई से माफिया में मचा हड़कंप
माफियाओं में हड़कंप: पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। प्रशासन का कहना है कि रेत चोरी रोकने के लिए अब इन घाटों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
इसलिए हो रही इतनी सख्ती
हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने चंबल अभयारण्य (Sanctuary) में अवैध खनन को लेकर सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि पारिस्थितिकी तंत्र को नुकसान पहुँचाने वाले खनन को रोकने में नाकाम रहने वाले अधिकारियों पर व्यक्तिगत जवाबदेही तय की जाएगी। इसी के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग अब ज़ीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन में शामिल वाहनों को न केवल ज़ब्त किया जाएगा, बल्कि संबंधित थाना प्रभारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/staff-shortage-hits-mp-recruitment-board/151869
एमपी कर्मचारी चयन मंडल में स्टाफ की भारी कमी, 60% पद हैं खाली