घाटमपुर सर्किल में ट्रांसफार्मर से संबंधित चोरी एवं बिजली के तार काटने की कई घटनाएं सामने आई थीं।
कानपुर: घाटमपुर सर्किल में ट्रांसफार्मर से संबंधित चोरी एवं बिजली के तार काटने की कई घटनाएं सामने आई थीं। जिसके दृष्टिगत उच्चाधिकारियों द्वारा क्षेत्र में प्रभावी चेकिंग एवं रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में आज पुलिस टीम द्वारा ग्राम नीबिया के आसपास चेकिंग की जा रही थी।
पुलिस को देखकर भागने लगे बदमाश
इसी दौरान ग्राम नीबिया की ओर से एक वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने वाहन को चेकिंग के उद्देश्य से रोकने का प्रयास किया, लेकिन वाहन में सवार दो व्यक्तियों ने वाहन रोकने के बजाय उसे छोड़ दिया और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने लगे।
जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल
पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की गई, जिसमें एक अभियुक्त के पैर में गोली लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा, जबकि दूसरा अभियुक्त मौके से फरार हो गया। घायल अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा एवं कारतूस बरामद हुए हैं। उसकी पहचान पवन पुत्र राम सजीवन के रूप में हुई है। अभियुक्त एक शातिर अपराधी है, जिसके विरुद्ध लूट, डकैती, चोरी एवं तार चोरी सहित लगभग 10 अभियोग पूर्व से पंजीकृत हैं। वह हाल ही में जेल से छूटा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसका गिरोह क्षेत्र में घूमकर तार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
फरार आरोपी की तलाश में तीन टीमें गठित
घायल अभियुक्त को मानवाधिकार संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। इस सराहनीय कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को ₹25,000 के पुरस्कार दिया गया है।
ये भी पढ़ें: बांका के सुल्तानगंज फोरलेन पर आधी रात खूनी लूट, बदमाशों ने युवक को मारी गोली; मोबाइल-नकदी लूटी