औरंगाबाद में पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 48 लोगों को गिरफ्तार किया है और 1202 वाहनों की जांच कर 1.70 लाख रुपये शमन राशि वसूली है।
औरंगाबाद (बिहार)। अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा के निर्देशानुसार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में बुधवार की रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई के फलस्वरूप 48 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 15 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
विभिन्न मामलों में गिरफ्तारियां और शराब जब्ती
जानकारी के अनुसार, दुष्कर्म के मामले में एक, एससीएससी-एसटी एक्ट में चार, हत्या के प्रयास में दो, मद्य निषेध अधिनियम के तहत तीन तथा अन्य मामलों में 38 लोगों की गिरफ्तारी की गई। इसके साथ ही 128.30 लीटर देसी शराब बरामद किया गया है। वाहन जांच अभियान के तहत कुल 1202 वाहनों की जांच की गई, जिसमें 170000 रुपये शमन की राशि वसूल की गई और 19 वारंट व एक कुर्की वारंट का निष्पादन किया गया।
पुलिस अधीक्षक की आम लोगों से अपील
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाया जा सके। इसके साथ-साथ जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि समय के साथ कार्रवाई की जा सके।
यह भी पढ़ें: न्यायालय से जारी वारंट पर चकरघट्टा पुलिस ने तीन वारंटियों को किया गिरफ्तार