भीषण गर्मी के इस मौसम में नगर पालिका परिषद कटघोरा की चरमराई विद्युत व्यवस्था को लेकर जनता में भारी आक्रोश है।
कोरबा (छत्तीसगढ़)। भीषण गर्मी के इस मौसम में नगर पालिका परिषद कटघोरा की चरमराई विद्युत व्यवस्था को लेकर जनता में भारी आक्रोश है। इस गंभीर समस्या को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी कटघोरा के अध्यक्ष अशरफ मेमन ने पार्षदों के साथ मिलकर कार्यपालन अभियंता को एक चेतावनी पत्र सौंपा है।
ग्रामीण फीडर से जुड़ने पर बढ़ी ट्रिपिंग की समस्या
शिकायती पत्र में कहा गया है कि कटघोरा क्षेत्र में प्रतिदिन अधिकांश समय बिजली बंद रहती है, जिससे इस तपती गर्मी में आम जनता बेहाल है। बिजली बंद रहने का मुख्य कारण यह बताया गया है कि नगर के अधिकांश वार्डों को शहरी फीडर की बजाय ग्रामीण फीडर से जोड़ दिया गया है, जिससे ट्रिपिंग और कटौती की समस्या बढ़ गई है।

पानी और बिजली संकट से लोग परेशान
साथ ही लगातार बिजली गुल रहने से नगर की जलप्रदाय (पानी की सप्लाई) व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। पानी और बिजली न मिलने के कारण नागरिक और छोटे बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। शहर कांग्रेस कमेटी और स्थानीय पार्षदों (वार्ड क्र. 02, 03, 07 आदि) ने संयुक्त रूप से बिजली कंपनी को तीन दिनों के भीतर व्यवस्था दुरुस्त करने का अल्टीमेटम दिया है।
तीन दिन का अल्टीमेटम, नहीं सुधरी व्यवस्था तो आंदोलन
साथ ही चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय के भीतर बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं की गई तो शहर कांग्रेस कमेटी कटघोरा बिजली कार्यालय के सामने उग्र धरना प्रदर्शन करेगी और चक्का जाम करने के लिए बाध्य होगी। इस दौरान होने वाली किसी भी अप्रिय घटना की पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।
यह भी पढ़ें: बैंक अकाउंट और सिम सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार