प्रतापगढ़ पुलिस ने 19 राज्यों में 500 करोड़ की साइबर ठगी के मामले में कुंडा, रानीगंज और देहात कोतवाली से 53 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
प्रतापगढ़: प्रतापगढ़ जिले में साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। देश के 19 राज्यों में करीब 500 करोड़ रुपये की साइबर ठगी से जुड़े मामले में प्रतापगढ़ पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 53 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की यह कार्रवाई कुंडा, रानीगंज और देहात कोतवाली थाना क्षेत्रों में की गई है।
किसान सम्मान निधि और KYC अपडेट के नाम पर करते थे ठगी
गिरफ्तार आरोपियों पर देशभर में लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपने जाल में फंसाकर करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, साइबर ठग किसान सम्मान निधि और KYC अपडेट कराने के नाम पर लोगों को फोन करते थे। इसके बाद जरूरी जानकारी और बैंकिंग प्रक्रिया के बहाने लोगों को झांसे में लेकर उनके खातों से रकम निकाल लेते थे।
बेरोजगार युवकों के नाम पर खुलवाते थे बैंक खाते
ठगी के इस नेटवर्क में बेरोजगार युवकों को भी निशाना बनाया जाता था। आरोपियों द्वारा बेरोजगार लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाए जाते थे। इसके अलावा कई लोगों से किराये पर बैंक खाते लेकर उनका इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेनदेन में किया जाता था।
अप्रैल से अब तक करोड़ों की ठगी में सामने आई संलिप्तता
जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय थे। अप्रैल महीने से अब तक करोड़ों रुपये की ठगी के मामलों में इनकी संलिप्तता सामने आई है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है।
19 राज्यों तक फैले नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ठगी की रकम किन-किन बैंक खातों में भेजी जाती थी और इस नेटवर्क के तार देश के अन्य राज्यों में कहां-कहां तक जुड़े हैं। इस कार्रवाई के बाद साइबर ठगी के मामले में आगे की जांच तेज कर दी गई है। इस पूरे मामले को लेकर एएसपी पूर्वी आलोक कुमार भाटी ने बताया कि पुलिस की जांच और कार्रवाई आगे भी जारी है।
ये भी पढ़ें: चंदौली में चोरों का दुस्साहस, बीमार किशोर पर हमला कर लाखों के जेवरात और नकदी ले उड़े