MP News : जबलपुर। भाजपा की शहर उपाध्यक्ष अंजू भार्गव एक विवाद में घिर गई हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हुआ।
भाजपा शहर उपाध्यक्ष अंजू भार्गव ने दृष्टिबाधित महिला से की गाली-गलौज और मारपीट |
MP News : जबलपुर। भाजपा की शहर उपाध्यक्ष अंजू भार्गव एक विवाद में घिर गई हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हुआ। जिसमें वह एक दृष्टिबाधित महिला के साथ गाली-गलौज करती और मारपीट करने की कोशिश करती नजर आ रही हैं। यह घटना जबलपुर के हवाबाग चर्च क्षेत्र के पास दृष्टिबाधित बच्चों के लिए आयोजित एक भोजन कार्यक्रम के दौरान की बताई जा रही है।
वायरल वीडियो में अंजू भार्गव पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में एक दृष्टिबाधित महिला पर चिल्लाती हुई दिखाई देती हैं। वह महिला का चेहरा पकड़ती हैं, उसका हाथ मरोड़ती हैं और अपशब्दों का प्रयोग करती हैं। बहस के दौरान भार्गव महिला पर बच्चों को “धंधे के लिए लाने” का आरोप लगाती हुई सुनाई देती हैं और कहती हैं कि वह बच्चों को पैसे कमाने के लिए लाती है।
वीडियो में दृष्टिबाधित महिला बार-बार उनसे शालीनता से बात करने की अपील करती है और कहती है, “मुंह से बात करो”, लेकिन इसके बावजूद अंजू भार्गव चिल्लाती रहती हैं और उन्हें मारने की कोशिश करती हुई दिखाई देती हैं। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद विवाद चलता रहा और महिला साफ तौर पर मानसिक रूप से परेशान नजर आती है।
यह कार्यक्रम क्रिसमस के अवसर पर किया गया था आयोजित
कार्यक्रम में मौजूद दृष्टिबाधित लोगों ने बताया कि वे हर साल इस कार्यक्रम में आते हैं और यह केवल एक क्रिसमस समारोह होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें भोजन और संगीत होता है तथा ईसाई धर्म के बारे में जानकारी दी जाती है, लेकिन किसी भी तरह का दबाव या जबरन धर्मांतरण नहीं किया जाता।
जानकारी के अनुसार, यह कार्यक्रम क्रिसमस के अवसर पर आयोजित किया गया था, जिसमें दृष्टिबाधित बच्चों को भोजन कराया गया। भाजपा नेताओं और कुछ हिंदू संगठनों ने इस कार्यक्रम पर आपत्ति जताई और आरोप लगाया कि बच्चों को धर्मांतरण के उद्देश्य से लाया गया था। इसी को लेकर आयोजकों और विरोध करने वाले समूहों के बीच तीखी बहस हुई, जो बाद में हिंदू और ईसाई समुदायों के बीच टकराव में बदल गई।
इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। बड़ी संख्या में लोग एक राजनीतिक पदाधिकारी द्वारा एक दिव्यांग महिला के साथ किए गए इस व्यवहार की निंदा कर रहे हैं। गौरतलब है कि अंजू भार्गव को 16 दिसंबर को ही भाजपा की शहर उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया था। इस घटना से पार्टी को असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है और भाजपा नेतृत्व से इस मामले में कार्रवाई और स्पष्टीकरण की मांग तेज हो गई है।
https://www.primenewsnetwork.in/india/giriraj-singh-spoke-on-rahul-gandhi-statement/102242