प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

रायबरेली में दौड़ के दौरान 11 अभ्यर्थी बेहोश

रायबरेली होमगार्ड भर्ती में दौड़ लगाते समय 11 अभ्यर्थी गश्त खाकर गिरे, मचने लगी अफरा-तफरी

शहर के 25वीं वाहिनी पीएसी मैदान में मंगलवार को होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दौड़ लगाते समय एक-एक करके 11 अभ्यर्थियों की अचानक हालत बिगड़ गई।

रायबरेली होमगार्ड भर्ती में दौड़ लगाते समय 11 अभ्यर्थी गश्त खाकर गिरे मचने लगी अफरा-तफरी

Raebareli: 11 Candidates Collapse During Recruitment Run, Chaos Ensues |

रायबरेली {उत्तर प्रदेश}: शहर के 25वीं वाहिनी पीएसी मैदान में मंगलवार को होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दौड़ लगाते समय एक-एक करके 11 अभ्यर्थियों की अचानक हालत बिगड़ गई। भीषण गर्मी और उमस के बीच दौड़ के दौरान किसी को चक्कर आ गया तो किसी को तेज कमजोरी और बेचैनी महसूस हुई। आनन-फानन में सभी प्रभावित अभ्यर्थियों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, देर शाम तक इलाज के बाद सभी की हालत में सुधार होने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया।

खाली पेट और ज्यादा पानी पीना पड़ा भारी

होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के तहत मंगलवार से पीएसी मैदान में अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा शुरू हुई है। इसमें प्रतापगढ़, उन्नाव और सुल्तानपुर जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों को शामिल किया गया। सुबह करीब आठ बजे मैदान में प्रवेश मिलने के बाद प्रक्रिया शुरू की गई, लेकिन सुबह से ही मौसम में तीखी धूप और उमस बनी हुई थी। शारीरिक परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के तनाव में कई अभ्यर्थी बिना कुछ खाए-पिए ही मैदान में उतर गए थे। वहीं, कुछ अभ्यर्थियों ने डिहाइड्रेशन से बचने के चक्कर में दौड़ से ठीक पहले जरूरत से ज्यादा पानी पी लिया। दौड़ शुरू होते ही शरीर में असंतुलन बना और अभ्यर्थी मैदान में गिरने लगे।

इलाज के बाद मिली राहत

मैदान में अभ्यर्थियों के अचानक गिरते ही भर्ती स्थल पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में सभी को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया गया। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. पुष्पेंद्र ने बताया कि उमस और शारीरिक तनाव के कारण अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ी थी। इलाज के बाद सभी की हालत सामान्य हो गई और किसी की भी स्थिति गंभीर न होने पर देर शाम उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

सभी 11 अभ्यर्थी प्रतापगढ़ के निवासी

बीमार पड़े सभी 11 अभ्यर्थी प्रतापगढ़ जिले के रहने वाले हैं। इनमें राहुल लोधी, आशीष, सलमान खान, मनीष पांडेय, अजय सिंह, विष्णु मौर्य, शिव प्रताप पटेल, अर्पित मिश्रा, अंतिम, अश्वनी विश्वकर्मा और अभय सिंह यादव शामिल हैं। सभी के सुरक्षित घर लौटने के बाद भर्ती बोर्ड और जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली है।

ये भी पढ़ें: 40 फीट गहरे नाले में जा गिरी तेज रफ्तार एंबुलेंस, बछड़े की दर्दनाक मौत, दो घायल

Related to this topic: