प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

रायबरेली में मिलावटखोरों पर शिकंजा

रायबरेली में दीपावली से खाद्य सुरक्षा विभाग का एक्शन, 1.30 लाख रुपये का 748 किलो रिफाइंड तेल सीज

रायबरेली के महराजगंज में खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी कर 748 किलो संदिग्ध रिफाइंड सोयाबीन तेल सीज किया। तेल की कीमत 1,30,900 रुपये बताई गई है।

रायबरेली में दीपावली से खाद्य सुरक्षा विभाग का एक्शन 130 लाख रुपये का 748 किलो रिफाइंड तेल सीज

Raebareli Food Safety Team Seizes 748 Kg of Refined Soybean Oil |

रायबरेली (उत्तर प्रदेश)। दीपावली के पावन पर्व को अब कुछ ही दिन बाकी हैं, और बाजारों में त्योहार की रौनक के साथ मिलावटखोरों का खतरा भी बढ़ गया है। आमजन की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर शिकंजा कसते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने अपनी मुहिम तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को विभाग की टीम ने महराजगंज कस्बे में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

गांधी नगर में हुई औचक छापेमारी

खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने महराजगंज कस्बे के गांधी नगर वार्ड नंबर-1 स्थित 'महाराजगंज ट्रेडर्स' पर औचक निरीक्षण किया। दुकान पर मौजूद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को बारीकी से परखा गया।निरीक्षण के दौरान टीम ने फोर्टिफाइड रिफाइंड सोयाबीन तेल का एक संदिग्ध नमूना भरकर गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि तेल तय मानकों पर खरा उतरता है या नहीं।

1.30 लाख रुपये से अधिक का तेल सीज

जांच के दौरान टीम को स्टॉक में भारी मात्रा में ऐसा तेल मिला जिसकी गुणवत्ता संदिग्ध प्रतीत हो रही थी। एहतियात बरतते हुए अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 748 किलोग्राम रिफाइंड सोयाबीन तेल को सीज कर दिया। सीज किए गए इस तेल की कुल बाजार कीमत 1,30,900 रुपये आंकी गई है। फिलहाल, सुरक्षा की दृष्टि से इस पूरे स्टॉक को संबंधित कारोबारी की ही अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया है, जिस पर बिना विभाग की अनुमति के बिक्री या उपयोग पर रोक रहेगी।

अधिकारियों की दो टूक: त्योहारी सीजन में जारी रहेगी सख्ती

यह पूरी कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय मानिक चंद्र सिंह और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंजनी कुमार श्रीवास्तव के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुई। इस संयुक्त टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी उदय राज मौर्य और सुमांशु सचान भी सक्रिय रूप से शामिल रहे।विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि त्योहारी सीजन के दौरान मिलावटखोरों किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। आम जनमानस को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग का यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें:   औरंगाबाद पुलिस अभियान में 28 गिरफ्तार, 319 लीटर देसी शराब और 3 बाइक बरामद

Related to this topic: