लालगंज कोतवाली क्षेत्र के शर्मा ढाबा दो सड़का के पास गुरुवार रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक बाइक सवार अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई।
रायबरेली {उत्तर प्रदेश}: लालगंज कोतवाली क्षेत्र के शर्मा ढाबा दो सड़का के पास गुरुवार रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक बाइक सवार अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस के देर से पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया और सड़क पर जाम लग गया।
अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर
सरेनी थाना क्षेत्र के हमीरगांव निवासी प्रदीप बाजपेयी उर्फ गुड्डू बाजपेयी (50) पुत्र स्व. श्रीराम बाजपेयी बीते कई वर्षों से लालगंज में मकान बनाकर रह रहे थे। गुरुवार रात वह अपनी ससुराल मलकेगांव से बाइक द्वारा लालगंज स्थित घर लौट रहे थे। तभी दो सड़का के समीप किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और कुचलता हुआ निकल गया। हादसे में प्रदीप गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे तड़पते रहे और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
30 मिनट तक तड़पता रहा घायल, नहीं पहुंची पुलिस
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना की तत्काल सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान गंभीर रूप से घायल सड़क किनारे पड़ा रहा और वहां लोगों की भीड़ जुटती गई। समय पर पुलिस के न पहुंचने से आक्रोशित लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लगभग 10 मिनट तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।
परिजनों में रो-रोकर मचा कोहराम
हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। काफी देर बाद पहुंची पुलिस ने गुस्साए लोगों को शांत कराकर यातायात सुचारू कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
यह भी पढ़: कोरबा में तेज रफ्तार हाइड्रा ने बाइक सवार परिवार को कुचला, 3 साल की मासूम की मौत; माता-पिता और भाई गंभीर