प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

रायबरेली SP की थाना प्रभारियों को सख्त चेतावनी

' सुधर जाओ... वरना नप जाओगे!' रायबरेली एसपी रवि कुमार ने अपराध गोष्ठी में थाना प्रभारियों की लगाई क्लास

जनपद में कानून-व्यवस्था को एकदम चाक-चौबंद करने और अपराधियों की कमर तोड़ने के लिए पुलिस अधीक्षक रवि कुमार पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गए हैं।

 सुधर जाओ वरना नप जाओगे रायबरेली एसपी रवि कुमार ने अपराध गोष्ठी में थाना प्रभारियों की लगाई क्लास

Raebareli SP Warns Police Officers Strictly |

रायबरेली {उत्तर प्रदेश}: जनपद में कानून-व्यवस्था को एकदम चाक-चौबंद करने और अपराधियों की कमर तोड़ने के लिए पुलिस अधीक्षक रवि कुमार पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गए हैं। जिले की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शनिवार को पुलिस कार्यालय स्थित किरण बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक के दौरान कप्तान का यह सख्त तेवर देखने को मिला। एसपी रवि कुमार ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अपराध और अपराधियों के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जाए। अगर किसी भी इलाके में ढिलाई मिली, तो संबंधित थाना प्रभारी पर कार्रवाई तय होगी।

महिला सुरक्षा पर विशेष फोकस

बैठक में कप्तान ने महिला सुरक्षा को लेकर बेहद संवेदनशील रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि 'मिशन शक्ति' केंद्रों को और अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाया जाए। महिलाओं और बालिकाओं से जुड़ी किसी भी शिकायत को हल्के में न लिया जाए। शिकायतों का त्वरित और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण हो तथा पीड़ितों को तत्काल मदद मिले। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

साइबर अपराधियों पर कसेगा शिकंजा

बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर भी एसपी गंभीर नजर आए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को जनता के बीच बड़े पैमाने पर साइबर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए 'यक्ष एप' और 'त्रिनेत्र एप' का प्रभावी उपयोग कर अपराधियों पर शिकंजा कसने की रणनीति बनाने को कहा।

रात्रिकालीन गश्त और चेकिंग अभियान होंगे तेज

जनता की शिकायतों (आईजीआरएस) का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए एसपी ने सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में चेकिंग अभियान तेज किया जाए और रात की गश्त को अधिक प्रभावी बनाया जाए। पीआरवी और बीट प्रणाली को मजबूत कर पुलिस की मौजूदगी सड़कों पर स्पष्ट दिखाई देनी चाहिए।

ईमानदारी और जिम्मेदारी से करें ड्यूटी

बैठक के अंत में एसपी रवि कुमार ने सभी पुलिस अधिकारियों को अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का एकमात्र उद्देश्य जनपद में शांति, सुरक्षा और मजबूत कानून-व्यवस्था बनाए रखना होना चाहिए। इस हाई-प्रोफाइल बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार सिंह सहित समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन और सभी थानों के प्रभारी मौजूद रहे। कप्तान के इस सख्त रुख के बाद पूरे पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।

यह भी पढ़े: महासमुंद में 31.54 किलो गांजा जब्त, उत्तर प्रदेश के दो तस्कर गिरफ्तार

Related to this topic: