भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल और प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है...
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल और प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। इस बार नौतपा के दौरान लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव (लू) का सामना करने के बजाय तेज आंधी, झमाझम बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिल रही है।
छठे दिन 20 से अधिक जिलों में तेज बारिश
नौतपा के छठे दिन यानी शनिवार को प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। वहीं, राजधानी भोपाल में शनिवार की आधी रात को करीब 12:30 बजे से तड़के 3:00 बजे तक धूल भरी तेज आंधी चली, जिसके बाद रविवार सुबह शहर के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहा। इस अचानक आए मौसम के बदलाव और तेज हवाओं के कारण शहर के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ओलावृष्टि की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के 8 जिलों में ओले गिरने की भी आशंका है। यह असामान्य मौसमी बदलाव नौतपा के पारंपरिक गर्म मिजाज के विपरीत प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी से तो राहत दे रहा है, लेकिन तेज आंधी और ओलावृष्टि के चलते जनजीवन और बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है।
जानिये मौसम के अलग-अलग तेवर, यलो-ऑरेंज व रेड अलर्ट
येलो- इशका मकसद लोगों को सतर्क करना होता है। मौसम विभाग इससे बताता है कि अभी कोई खतरा नहीं है, लेकिन मौसम कभी भी खतरनाक हो सकता है। लोगों को मौसम के बारे में पता करते रहना चाहिए। ऑरेंज- मौसम खराब होने पर यह अलर्ट जारी किया जाता है। इसका मतलब है कि मौसम को ध्यान में रखकर लोग बाहर निकलें। जरूरी काम से बाहर निकलते हैं तो सावधानी जरूर बरतें।
रेड- यह तब जारी किया जाता है कि मौसम ज्यादा खराब होने से नुकसान की संभावना होती है। जान-माल का नुकसान हो सकता है। बहुत गंभीर हालत बनने पर ही यह अलर्ट जारी किया जाता है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/nppa-fixes-retail-prices-for-30-essential-medicine-formulations/209979