प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

पेप्सिको के 15,780 कैफिनेटेड बेवरेज कैन-बोतलें सीज

डीडवाना में पेप्सिको के 15,780 कैफिनेटेड बेवरेज कैन-बोतलें सीज, जांच के लिए भेजे गए सैंपल

डीडवाना में खाद्य सुरक्षा विभाग ने पेप्सिको के 15,780 कैफिनेटेड बेवरेज कैन-बोतलों को सीज कर सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। कार्रवाई कथित भ्रामक प्रचार के संबंध में की गई।

डीडवाना में पेप्सिको के 15780 कैफिनेटेड बेवरेज कैन-बोतलें सीज जांच के लिए भेजे गए सैंपल

Rajasthan: 15,780 PepsiCo Caffeinated Beverage Cans Seized in Didwana |

डीडवाना-कुचामन (राजस्थान)। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने एनर्जी ड्रिंक के नाम पर किए जा रहे कथित भ्रामक प्रचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डीडवाना क्षेत्र के छोटी खाटू स्थित खंडेलवाल एजेंसी के गोदाम से पेप्सिको स्टिंग कैफिनेटेड बेवरेज की 15,780 कैन/बोतलों को सीज कर दिया। साथ ही उत्पाद का नमूना जांच के लिए लिया गया है।

जांच के लिए भेजा गया नमूना

आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के संबंध में अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र चौधरी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम ने एफएसएसएआई (FSSAI) एक्ट के तहत कैफिनेटेड बेवरेज का नमूना लेकर उसे जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भ्रामक दावों पर FSSAI की सख्ती

उन्होंने बताया कि फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) के अनुसार कैफिनेटेड बेवरेज के लेबल पर "Stimulates Mind", "Energizes Body", "Energy Drink" और "Sports Drink" जैसे दावे भ्रामक प्रचार की श्रेणी में आते हैं। इसी संबंध में एफएसएसएआई ने देश की कई प्रमुख बेवरेज कंपनियों को नोटिस जारी कर जवाब भी तलब किया है।

कैफीनयुक्त पेय पर स्वास्थ्य चेतावनी

सीएमएचओ डॉ. नरेंद्र चौधरी और खाद्य सुरक्षा अधिकारी बाबू लाल चौधरी ने बताया कि अधिक कैफीन वाले ऐसे पेय पदार्थ गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते हैं, इसलिए इनके प्रचार-प्रसार और लेबलिंग पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा अधिकारी बाबूलाल ने बताया कि विभाग की ओर से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एफएसएसएआई के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वाले उत्पादों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी बाबूलाल एवं सहायक कर्मचारी राजूराम द्वारा संयुक्त रूप से की गई। 

यह भी पढ़ें:   झालावाड़ में देहदानी परिवारों और समाजसेवियों का सम्मान, चिकित्सा शिक्षा में योगदान को मिली सराहना

Related to this topic: