मध्य प्रदेश के राजगढ़ में एक 30 वर्षीय युवक की चाय की दुकान पर अचानक बेहोश होकर गिरने से मौत हो गई। घटना CCTV में कैद हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
राजगढ़: मध्य प्रदेश में राजगढ़ के सारंगपुर से मौत का लाइव सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। जहां मेडिकल के सामने स्थित अवंतिका चाय की दुकान पर एक 30 वर्षीय युवक आकर बैठा और थोड़ी देर बाद वह अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। जब वह नहीं उठा तो लोगों ने उसे हिलाया और उठाने की कोशिश की, लेकिन वह तब भी नहीं उठा। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
हार्ट अटैक से मौत होने की जताई जा रही आशंका
सूचना मिलते ही सारंगपुर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। जांच के दौरान युवक के पास से उपचार संबंधी डॉक्टर की पर्चियां, दवाइयां और ईसीजी रिपोर्ट मिली हैं। फिलहाल हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
मौत का लाइव सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल
हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। मृतक की पहचान रामबाबू पिता देवीसिंह मोगिया (30), निवासी मुगलखेड़ी, थाना कुरावर के रूप मे हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मौत का लाइव वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- मंदसौर में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, मारपीट में घायल व्यक्ति की मौत