राम मंदिर चढ़ावे से जुड़ी कथित गड़बड़ी की जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) पर हनुमान गढ़ी के मुख्य पुजारी महंत संजय दास ने बड़ा बयान दिया है।
अयोध्या (उत्तर प्रदेश)। राम मंदिर चढ़ावे से जुड़ी कथित गड़बड़ी की जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) पर हनुमान गढ़ी के मुख्य पुजारी महंत संजय दास ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गठित की गई एसआईटी की जांच से पूरा सच सामने आ जाएगा और इसमें जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होगी। इसके साथ ही उन्होंने राजनीतिक दलों को इस संवेदनशील मुद्दे पर सियासत न करने की सख्त नसीहत दी है।
मुख्यमंत्री की बनाई एसआईटी पर है पूरा भरोषा: महंत संजय दास
अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच अब बेहद संवेदनशील मोड़ पर है। हनुमान गढ़ी के मुख्य पुजारी महंत संजय दास ने साफ शब्दों में कहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बनाई एसआईटी पर उन्हें पूरा भरोसा है और जांच के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि इस मामले में जो भी गुनहगार पाया जाएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा—चाहे उसका रसूख कितना भी बड़ा क्यों न हो।
भगवान राम के नाम पर मुनाफा कमाने वाले राजनीतिक दल रहें दूर
महंत संजय दास ने समाचार एजेंसी एएनआई (ANI) से बातचीत में विपक्षी और सियासी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो दल इस मामले में बयानबाजी कर रहे हैं, उन्हें अभी धैर्य रखना चाहिए। उन्होंने कहा, "जो राजनीतिक दल भगवान राम के नाम पर मुनाफा कमा रहे हैं, कृपया वे ऐसा करना बंद करें। एसआईटी का गठन इसी मकसद से किया गया है कि वह गहराई से जांच कर सके। इसलिए किसी को भी इस प्रक्रिया में दखल देने या कुछ भी कहने की जरूरत नहीं है।"
एसबीआई और ट्रस्ट के कनेक्शन की हो रही है जांच
चढ़ावे के प्रबंधन और रखरखाव से जुड़े सवाल पर महंत संजय दास ने एक बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मामले के हर पहलू की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है, खासकर बैंक और ट्रस्ट के बीच पैसों के लेनदेन के तरीके की। उन्होंने कहा, "जहां तक एसबीआई (SBI) से जुड़ी जांच का सवाल है, पहले एसबीआई वहां से पैसे कलेक्ट करने जाता था। लेकिन बीच में कहीं न कहीं एसबीआई ने वहां जाना बंद कर दिया। इसके बाद पैसा ट्रस्ट के जरिए आने लगा। अब इसी बात की जांच चल रही है। इसमें जो भी दोषी पाया जाएगा—चाहे वे एसबीआई के कर्मचारी हों, ट्रस्ट के अधिकारी हों, ट्रस्ट के सदस्य हों या फिर निचले स्तर के कर्मचारी—सबके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।"
सरयू नित्य आरती के प्रमुख ने भी की धैर्य रखने की अपील
इस पूरे विवाद पर 'सरयू नित्य आरती' के प्रमुख महंत शशिकांत दास ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आम लोगों और राजनीतिक हलकों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने एएनआई से कहा, "राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर ही एसआईटी का गठन किया गया है और जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है। थोड़ा धैर्य रखें। कुछ दिन का समय दीजिए, सच अपने आप सबके सामने आ जाएगा।" (Source: ANI)
यह भी पढ़ें: कोलकाता एयरपोर्ट पर अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा में भारी चूक, पिस्तौल के साथ संदिग्ध गिरफ्तार