सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में RLD की स्वाभिमान रैली का आयोजन किया जा रहा है। गोचर कृषि कॉलेज मैदान में होने वाली इस रैली को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के शंखनाद हो सकता है।
सहारनपुर: रामपुर मनिहारान में आज राष्ट्रीय लोकदल की स्वाभिमान रैली का आयोजन किया जा रहा है। रैली को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में खासा उत्साह है। कार्यक्रम के लिए गोचर कृषि कॉलेज का मैदान पूरी तरह सजकर तैयार हो गया है। रैली के जरिए RLD आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों का शंखनाद करेगी।RLD के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी आज सुबह करीब 11:30 बजे गोचर कृषि कॉलेज पहुंचेंगे।
आगामी चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को दे सकते हैं दिशा-निर्देश
यहां वह रैली को संबोधित करेंगे और कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव को लेकर दिशा-निर्देश दे सकते हैं। रैली में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने की उम्मीद है। स्वाभिमान रैली को लेकर पिछले कई दिनों से पार्टी पदाधिकारियों की बैठकें और तैयारियां लगातार जारी हैं। कार्यकर्ताओं को रैली को सफल बनाने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
RLD के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखी जा रही रैली
रामपुर मनिहारान कस्बे में होने वाली इस रैली को RLD के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि रैली के माध्यम से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने का संदेश दिया जाएगा। वहीं, जयंत चौधरी के संबोधन पर स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों की निगाहें टिकी हैं। रैली के दौरान क्षेत्र से जुड़े राजनीतिक और जनहित के मुद्दे भी उठाए जाने की संभावना है।
ये भी पढ़ें- मिनियापोलिस में सामूहिक गोलीबारी, तीन पुलिस अधिकारी समेत कई लोग घायल