इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी में सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक बड़े रियल एस्टेट...
रियल एस्टेट कारोबारी से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 15 करोड़ की फिरौती की मांग
|
इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी में सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक बड़े रियल एस्टेट कारोबारी को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी दी गई है। आरोपियों ने कारोबारी से 15 करोड़ रुपये की भारी-भरकम फिरौती (Extortion) मांगी है। यह घटना इंदौर के पॉश इलाके तुकोगंज की है। पीड़ित कारोबारी इसी क्षेत्र के निवासी हैं।
पैसा नहीं देने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी
जानकारी के अनुसार, कारोबारी को एक अज्ञात कॉल आया था। फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने कारोबारी से 15 करोड़ रुपये की मांग की है और पैसा न देने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी।
पुलिस ने दर्ज किया आरोपी के खिलाफ केस
धमकी मिलने के बाद पीड़ित कारोबारी ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुकोगंज थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस की क्राइम ब्रांच और साइबर सेल की टीमें कॉल डिटेल्स और लोकेशन के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं। यह भी जांच की जा रही है कि क्या यह सच में बिश्नोई गैंग का काम है या किसी स्थानीय अपराधी ने गैंग का नाम इस्तेमाल कर दहशत फैलाने की कोशिश की है।
मालूम हो कि हाल के दिनों में मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों जैसे खरगोन और अशोकनगर में भी इसी तरह के धमकी भरे कॉल आने की खबरें मिली हैं, जिससे पुलिस प्रशासन अलर्ट पर है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/young-woman-from-madhya-pradesh-traveled-km-to-ludhiana-to-meet/150668