प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद IGMC के रेजिडेंट...

मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद IGMC के रेजिडेंट डॉक्टरों ने खत्म किया हड़ताल

इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (RDA) ने रविवार को अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल तत्काल प्रभाव से वापस लेने की घोषणा कर दी है।

मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद igmc के रेजिडेंट डॉक्टरों ने खत्म किया हड़ताल

Resident doctors of IGMC call off strike after assurance from Chief Minister |

शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (RDA) ने रविवार को अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल तत्काल प्रभाव से वापस लेने की घोषणा कर दी है। यह फैसला मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा मामले की विस्तृत जांच करने और डॉ. राघव निरुला की बर्खास्तगी रद्द करने के आश्वासन के बाद लिया गया है।

डॉक्टर्स ने जनहित को ध्यान में रखकर लिया निर्णय

RDA ने कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री ने एसोसिएशन को भरोसा दिलाया है कि इस पूरे मामले की गहन जांच शुरू की जाएगी और संबंधित डॉक्टर की सेवा समाप्ति के आदेश को वापस लिया जाएगा। एसोसिएशन ने कहा, "RDA मुख्यमंत्री के शब्दों पर विश्वास करती है। मरीजों की देखभाल और जनहित को सबसे ऊपर रखते हुए हमने हड़ताल खत्म करने का फैसला किया है।"

भविष्य की रणनीति तय करने के लिए 3 जनवरी को होगी बैठक

RDA अध्यक्ष डॉ. सोहिल शर्मा ने स्पष्ट किया कि जब तक बर्खास्तगी का आदेश औपचारिक रूप से रद्द नहीं हो जाता, एसोसिएशन जांच प्रक्रिया पर पैनी नजर रखेगी। भविष्य की रणनीति तय करने के लिए 3 जनवरी, 2026 को एक बैठक आयोजित की जाएगी। RDA ने आंदोलन के दौरान साथ देने के लिए देश और प्रदेश के अन्य डॉक्टर संगठनों, मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन और अन्य सहायक संस्थाओं का धन्यवाद किया।

डॉ. राघव निरुला की एक मरीज के साथ हाथापाई का वीडियो हुआ था वायरल

गौरतलब है कि IGMC के पल्मोनरी मेडिसिन विभाग के सीनियर रेजिडेंट डॉ. राघव निरुला की सेवाएं तब समाप्त कर दी गई थीं, जब उनका एक मरीज के साथ हाथापाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। यह घटना 22 दिसंबर की थी, जिसमें डॉक्टर और चौपाल निवासी 36 वर्षीय मरीज अर्जुन पवार के बीच विवाद हुआ था। इस मामले में डॉक्टर को सेवा से निकालने के अलावा, शिमला पुलिस ने उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।

हड़ताल के खत्म होने से अस्पताल में सेवाएं फिर से सामान्य होने की उम्मीद है, जिससे पिछले कुछ दिनों से परेशान हो रहे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/all-accused-arrested-in-angel-chakma-murder-case/102842

एंजेल चकमा हत्या मामले सभी आरोपी गिरफ्तार, एक फरार आरोपी पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित

Related to this topic: