प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

पत्नी पर हमला, 48 घंटे में गिरफ्तारी

रीवा में पति ने दोस्त संग पत्नी पर किया जानलेवा हमला, नदी में फेंकने के बाद दोनों गिरफ्तार

रीवा में महिला पर कथित जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर उसके पति और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

रीवा में पति ने दोस्त संग पत्नी पर किया जानलेवा हमला नदी में फेंकने के बाद दोनों गिरफ्तार

Rewa: Husband and Friend Arrested for Alleged Attempt to Murder Woman, Throw Her Into River |

रीवा (मध्य प्रदेश)। मासूम बच्चे से मिलकर लौट रही एक महिला पर उसके ही पति और उसके दोस्त ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने धारदार बियर के ढक्कन से महिला की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार किए और उसे नैना नदी में फेंक कर फरार हो गए। गनीमत रही कि पीड़िता ने किसी तरह नदी से बाहर निकलकर शोर मचाया, जिससे ग्रामीण मौके पर पहुँच गए और उसकी जान बच गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

ट्रेन छूटने पर रची गई साजिश

सोहागी थाना प्रभारी कमलेश साहू ने बताया कि शंकरगढ़ निवासी पीड़िता ने वर्ष 2022 में प्रेम विवाह किया था। 2023 में दंपति का एक पुत्र हुआ, लेकिन 2024 में आपसी अनबन के कारण महिला पति और बच्चे को छोड़कर अलग रहने लगी थी। हाल ही में वह पंजाब से लौटकर अपनी सहेली के घर रुकी थी। गत 28 जुलाई को वह अपने बच्चे से मिलने पति के घर गई थी। बीती 28 तारीख की शाम करीब 7:30 बजे शंकरगढ़ रेलवे स्टेशन से उसकी पंजाब वापसी की ट्रेन थी, जो 2 मिनट की देरी के कारण छूट गई। इसी दौरान उसके पति ने फोन कर उसे इलाहाबाद छोड़ने का झांसा दिया और अपने दोस्त के साथ बाइक पर ले गया।

धारदार ढक्कन से हमला, 25-30 टांके आए

पति और उसका दोस्त महिला को इलाहाबाद ले जाने के बजाय सोनौरी क्षेत्र में नैना नदी के पुल के पास ले गए। वहाँ बियर की बोतल के बेहद धारदार ढक्कन से महिला के गले पर 4 से 5 बार जानलेवा हमला किया गया और उसे नदी में फेंक दिया गया। पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए, जिन्हें देखकर आरोपी मौके से भाग निकले। अस्पताल में भर्ती पीड़िता के गले पर 25 से 30 टांके आए हैं।

48 घंटे के अंदर दोनों आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद सोहागी पुलिस ने त्वरित जांच शुरू करते हुए 48 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी पति और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

यह भी पढ़ें: इटावा में सड़क हादसा, तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से पेट्रोल टैंकर परिचालक की मौत

Related to this topic: