प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

रास्ते में खुल गईं 'मृतक' की आंखें

ऋषिकेश में अंतिम संस्कार से पहले 'जिंदा' हुआ शख्स, एंबुलेंस में आंखें खोलने से मचा हड़कंप

ऋषिकेश में अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच साइ राम के एंबुलेंस में आंखें खोलने का दावा सामने आया। परिजनों ने उन्हें एम्स ऋषिकेश पहुंचाया, आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। पढ़ें पूरी खबर।

ऋषिकेश में अंतिम संस्कार से पहले जिंदा हुआ शख्स एंबुलेंस में आंखें खोलने से मचा हड़कंप

फाइल फोटो |

ऋषिकेश (उत्तराखंड)। ऋषिकेश से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गीता नगर गली नंबर-5 निवासी साइ राम के निधन की सूचना के बाद परिजनों ने उनके अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी थी। मुक्तिधाम ऋषिकेश का अंतिम यात्रा वाहन भी शाम करीब 4 बजे के लिए बुक कराया गया था और पंडित की व्यवस्था करने के लिए भी कहा गया था।

रेलवे क्रॉसिंग के पास बदला घटनाक्रम

हालांकि अंतिम संस्कार से पहले घटनाक्रम ने अचानक नया मोड़ ले लिया। परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, साइ राम के पार्थिव शरीर को वाहन से लाया जा रहा था। इसी दौरान श्यामपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास सड़क पर वाहन को झटका लगा और साइ राम ने कथित तौर पर एंबुलेंस में आंखें खोल दीं। यह देखकर साथ मौजूद लोग हैरान रह गए और उन्हें तत्काल एम्स ऋषिकेश ले जाया गया।

मौत की आधिकारिक पुष्टि पर सवाल

परिजनों की ओर से फोन पर दी गई सूचना के आधार पर यह घटनाक्रम सामने आया है। साइ राम को इससे पहले चिकित्सकीय रूप से मृत घोषित किया गया था या नहीं तथा एम्स पहुंचने के बाद उनकी वर्तमान चिकित्सकीय स्थिति क्या है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी अपेक्षित है। विडंबना देखिए- जिन सड़कों के गड्ढों को लोग रोज आफत कहते हैं, परिजनों के दावे के मुताबिक वही झटका आज साइ राम के लिए 'संजीवनी' जैसा साबित हुआ। हालांकि इसकी चिकित्सकीय वजह डॉक्टरों की पुष्टि के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड राज्य आंदोलन: मसूरी गोलीकांड के शहीदों को सीएम धामी ने दी श्रद्धांजलि, याद किए बलिदान के वो दर्दनाक दिन

Related to this topic: