रामगंज बाजार में बुधवार को नेशनल हाईवे-330 (अयोध्या-प्रयागराज मार्ग) पर हुए सड़क हादसे में एक सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई।
अमेठी {उत्तरप्रदेश}। रामगंज बाजार में बुधवार को नेशनल हाईवे-330 (अयोध्या-प्रयागराज मार्ग) पर हुए सड़क हादसे में एक सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। हादसा रामगंज बाजार की सब्जी मंडी के पास हुआ। दुर्घटना में सिक्योरिटी गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए थे। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मृतक की हुई पहचान
मृतक की पहचान प्रतापगढ़ जिले के शंकरपुर कोहड़ौर निवासी मोहनलाल मौर्य (54 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मोहनलाल मौर्य सुल्तानपुर स्थित श्रीराम फाइनेंस में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत थे। वह बुधवार को किसी काम से रामगंज बाजार की ओर आए थे। इसी दौरान सब्जी मंडी के पास वह सड़क हादसे का शिकार हो गए।
सड़क पर गंभीर हालत में मिले
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मोहनलाल सड़क पर गंभीर हालत में पड़े थे। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए पुलिस को घटना की जानकारी दी और घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए मदद की।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया
सूचना मिलते ही रामगंज चौकी प्रभारी रणजीत सिंह पुलिसकर्मियों और डायल-112 टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल मोहनलाल को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भादर पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उनकी हालत की जांच की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने मोहनलाल को मृत घोषित कर दिया।
परिवार में मचा कोहराम
मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। दुर्घटना में किसी वाहन की भूमिका रही है या हादसा किसी अन्य कारण से हुआ, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ के साथ पुलिस अन्य तथ्यों को भी खंगाल रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: 15 हजार रुपये की मांग के बाद विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप