गौतमबुद्ध नगर में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के सख्त अनुपालन को लेकर पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियानों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
उत्तर प्रदेश | गौतमबुद्ध नगर में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के सख्त अनुपालन को लेकर पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियानों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। वर्ष 2025 की तुलना में 2026 की पहली तिमाही (1 जनवरी से 31 मार्च) में सड़क दुर्घटनाओं, मृतकों और घायलों की संख्या में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।
दुर्घटनाओं में 23% की कमी
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण पाण्डेय के अनुसार, वर्ष 2025 की पहली तिमाही में जहां 300 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज हुई थीं, वहीं 2026 में यह घटकर 231 रह गईं। यानी 69 हादसों की कमी के साथ लगभग 23 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।
मौतों के आंकड़ों में भी गिरावट
इसी तरह, सड़क हादसों में मौतों के आंकड़े भी कम हुए हैं। वर्ष 2025 में जहां 121 लोगों की जान गई थी, वहीं 2026 में यह संख्या घटकर 105 रह गई, जिससे 16 लोगों की जान बचाई जा सकी और करीब 13.2 प्रतिशत की कमी दर्ज हुई।
घायलों की संख्या में 17% कमी
घायलों की संख्या भी 219 से घटकर 181 हो गई, यानी 38 मामलों की कमी के साथ लगभग 17.3 प्रतिशत गिरावट देखी गई।
सख्त प्रवर्तन और जागरूकता का असर
अधिकारियों का कहना है कि यह सुधार सख्त प्रवर्तन, चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर किए गए सुधार कार्यों और लगातार चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियानों का नतीजा है। विभाग का लक्ष्य सड़क दुर्घटनाओं और जनहानि को और कम करते हुए सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
AI और कैमरों से ट्रैफिक निगरानी मजबूत
इसके साथ ही परिवहन विभाग आधुनिक तकनीकों जैसे कैमरा आधारित निगरानी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के उपयोग से ट्रैफिक सिस्टम को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी काम कर रहा है, ताकि सड़कों को और सुरक्षित बनाया जा सके।
लोगों से नियम पालन की अपील
विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें, ताकि अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
यह भी पढ़े: पहलगाम हमले के पीड़ितों को किया याद
https://www.primenewsnetwork.in/india/pm-modi-top-leaders-pay-tribute-on-pahalgam-attack-anniversary/176408