उत्तर प्रदेश के गोण्डा में शराब की दुकान के सेल्समैन से हुई लूट की घटना में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
Robbery of liquor shop salesman revealed, criminal injured in police encounter |
गोण्डा (उत्तर प्रदेश)। रूद्रपुर विशेन स्थित कम्पोजिट शराब की दुकान के सेल्समैन से हुई लूट का कोतवाली नगर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
04 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे की घटना
आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, कारतूस, 19,500 रुपये नकद और बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई है।पुलिस के अनुसार, 04 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे शराब दुकान का सेल्समैन अंकित गुप्ता अपने साथी शिवप्रकाश तिवारी के साथ दुकान बंद कर अम्बेडकर चौराहे से बालपुर बाजार की ओर जा रहा था।
सेल्समैन के पास मौजूद करीब 70 हजार रुपये लूटे
इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि असलहे के बल पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देते हुए सेल्समैन के पास मौजूद करीब 70 हजार रुपये लूट लिए गए थे। मामले में कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया था।घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमें लगातार बदमाशों की तलाश में जुटी थीं। इसी क्रम में 06/07 सितंबर की रात पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
मुखबिर से मिली गुप्त सूचना
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लालपुर खालसा तिराहे के पास घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, पकड़े जाने के प्रयास के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी।घायल आरोपी की पहचान यश प्रताप सिंह पुत्र अरुण कुमार सिंह, निवासी ऐली परसौली, थाना उमरीबेगमगंज के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबुला
पूछताछ में आरोपी ने शराब दुकान के सेल्समैन से हुई लूट में अपने अन्य साथियों के साथ शामिल होना स्वीकार किया।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वरी मणि त्रिपाठी, एसओजी प्रभारी आशुतोष सिंह मय टीम और सर्विलांस सेल प्रभारी मनीष कुमार मय टीम शामिल रहे।
यह भी पढ़ेंः दूध के भाव पर किसानों का फूटा गुस्सा, 10 सितंबर को उज्जैन कलेक्टर कार्यालय घेरेंगे किसान