ठगे जाने का आभास होने पर पीड़ित ने बाबतपुर एयरपोर्ट के अधिकारियों सहित भदोही, वाराणसी और मीरजापुर के पुलिस अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर अपनी पुरी दास्तां बयां करते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है।
मिर्जापुर (उत्तर ) । वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर नौकरी दिलाने के नाम पर भदोही जिले के रहने वाले एक व्यक्ति ने मिर्जापुर जिले के एक व्यक्ति को भरोसे में लेते हुए 2.59101 लाख रुपए ठग लिए। काफी दिन बीतने के बाद जब ज्वाइनिंग लेटर के बावत चर्चा करने पर आजकल कहकर टाल-मटोल करते हुए आए जालसाज ने धमकियां देनी शुरू कर दी । ठगे जाने का आभास होने पर पीड़ित ने बाबतपुर एयरपोर्ट के अधिकारियों सहित भदोही, वाराणसी और मीरजापुर के पुलिस अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर अपनी पुरी दास्तां बयां करते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पासपोर्ट चेकिंग के लिए नौकरी दिलाने का दिया था झांसा
मिर्जापुर जिले के चील्ह थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनपुर गांव निवासी रामछबीले पुत्र चेतन दास ने बताया कि पड़ोसी जनपद भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र अंतर्गत वेजवां उगापुर में उनकी बहन ब्याही हुई है। बहन के ही गांव के रहने वाले अंकित गौतम पुत्र महेन्द्र गौतम से बहन के ससुराल आते-जाते मुलाकात हुई थी। इसी दरम्यान अंकित गौतम ने बाबतपुर एयरपोर्ट पर पासपोर्ट चेकिंग के तौर पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर जुलाई 2025 में 2.59101 लाख रुपए ले लिए।
फोन करने पर दी जान-माल की धमकी
काफी समय बीतने के बाद भी जब न नौकरी मिली और ना ही कोई ज्वाइनिंग लेटर तो इस संदर्भ में जब अंकित को फोन पर सम्पर्क किया गया तो वह आज-कल कहकर टरकाने लगा। इस बीच कुछ गड़बड होने की आशंका पर जब अंकित गौतम के गांव जाकर नौकरी दिलाने के संदर्भ में बात की गई तो वह आपे से बाहर हो गए। पुनः घर न आने की चेतावनी देते हुए अब कोई भी पैसा न होन की बात करते हुए अपने राजनैतिक और प्रभाव का हवाला देते हुए जान-माल की धमकियां दे रहे हैं। पीड़ित रामछबीले ने पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों को शिकायती पत्र देने के साथ अंकित गौतम से बात करने पर दी गई धमकियों का आडियो सुनाते हुए बताया कि वह किसी प्रकार से नाते-रिश्तेदारों और अन्य से लेकर 2.59101 लाख रुपए अंकित गौतम को दिए थे, जिसे देने में अब वह आनाकानी करते हुए धमकियां दे रहा है। जिससे उन्हें जान-माल का खतरा बना हुआ है उन्होंने एयर इंडिया बाबतपुर एयरपोर्ट पर नौकरी दिलाने के नाम पर 2.59101 लाख रुपए लेकर अब धमकियां देने के मामले में कार्रवाई करते हुए रुपए वापस दिलाने की गुहार लगाई है।