प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

अस्पताल खोलने के नाम पर 39 लाख की ठगी

सहारनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अस्पताल खोलने के नाम पर 39 लाख की ठगी करने वाला डॉक्टर दंपती गिरफ्तार

सहारनपुर पुलिस ने अस्पताल खोलने के नाम पर 39.15 लाख रुपये की ठगी के मामले में लंबे समय से फरार डॉक्टर दंपती को गिरफ्तार किया। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। जानें पूरा मामला।

सहारनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई अस्पताल खोलने के नाम पर 39 लाख की ठगी करने वाला डॉक्टर दंपती गिरफ्तार

Saharanpur Police Arrest Doctor Couple in ₹39 Lakh Hospital Fraud Case |

सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)। सहारनपुर पुलिस ने अस्पताल खोलने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे डॉक्टर दंपती को गिरफ्तार कर लिया है। थाना मिर्जापुर पुलिस ने मुकदमे में वांछित आरोपी डॉ. नितिन और उसकी पत्नी अन्नू को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

अस्पताल में पार्टनरशिप के नाम पर लाखों की ठगी

पुलिस के अनुसार, हरियाणा के यमुनानगर निवासी श्यामलाल ने 22 अगस्त 2025 को थाना मिर्जापुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि डॉ. नितिन, उसकी पत्नी अन्नू और उनके साथी मागेराम ने मिर्जापुर क्षेत्र में अस्पताल खोलने का सपना दिखाकर उन्हें साझेदार बनाया। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और धोखाधड़ी कर पीड़ित से कुल 39,15,829 रुपये ले लिए। रकम लेने के बाद न तो अस्पताल शुरू किया गया और न ही पैसे वापस किए गए। शिकायत के आधार पर थाना मिर्जापुर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण में थाना मिर्जापुर पुलिस ने कार्रवाई की।

तीसरे आरोपी की तलाश जारी, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मुख्य आरोपी डॉ. नितिन को स्पोर्ट्स कॉलेज जाटोवाला के पास से गिरफ्तार किया। इसके बाद उसकी पत्नी अन्नू को बादशाहीबाग बस स्टैंड के पास से दबोच लिया गया। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी डॉ. नितिन के खिलाफ शामली जिले के कोतवाली थाने में मारपीट और धमकी देने का एक आपराधिक मुकदमा पहले से दर्ज है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। मामले में तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
​(Published By: Ravi Pandey)

यह भी पढ़ें: जौनपुर में चल रहा था देह व्यापार, पुलिस ने एक युवती को किया गिरफ्तार

Related to this topic: