जुहू में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई गोलीबारी के बाद मुंबई पुलिस अलर्ट पर है। बांद्रा स्थित सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर बुलेटप्रूफ सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
मुंबई (महाराष्ट्र)। अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई गोलीबारी की घटना के बाद मुंबई पुलिस ने एहतियातन कदम उठाते हुए बांद्रा स्थित अभिनेता सलमान खान के निवास 'गैलेक्सी अपार्टमेंट' के बाहर सुरक्षा काफी बढ़ा दी है। इलाके में बुलेटप्रूफ जैकेट पहने पुलिसकर्मियों और पुलिस वाहनों की भारी तैनाती की गई है।
गैलेक्सी अपार्टमेंट पर कड़ा पहरा
रविवार शाम जुहू में हुई फायरिंग की वारदात के तुरंत बाद पुलिस प्रशासन ने बांद्रा स्थित सलमान खान के घर की सुरक्षा की समीक्षा की। इसके बाद गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बुलेटप्रूफ जैकेट पहने जवान और पुलिस की गाड़ियां लगातार इलाके में गश्त कर रही हैं।
टाइगर श्रॉफ की कार को बनाया गया था निशाना
गौरतलब है कि रविवार शाम करीब 7 बजे जुहू के एक फुटबॉल क्लब से निकलते समय अज्ञात हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की कार पर अंधाधुंध गोलियां चलाई थीं। इस हमले में टाइगर बाल-बाल बच गए, जबकि उनके ड्राइवर को चोटें आई हैं। पुलिस उपायुक्त (DCP) मोहित गर्ग ने पुष्टि की थी कि हमलावरों का मुख्य निशाना अभिनेता का वाहन ही था।
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में बड़ा एक्शन, कोटा से पकड़े गए ट्रेन से यात्रा कर रहे तीन आरोपी