सरायरंजन थाना क्षेत्र के किशनपुर यूसुफ स्थित एसएच-88 पर सुंदरम पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार देर रात अपराधियों ने राज दरबार ढाबे के संचालक अभिनंदन कुमार (28) को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
समस्तीपुर : सरायरंजन थाना क्षेत्र के किशनपुर यूसुफ स्थित एसएच-88 पर सुंदरम पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार देर रात अपराधियों ने राज दरबार ढाबे के संचालक अभिनंदन कुमार (28) को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने उनकी पीठ में तीन गोलियां मारीं। घटना के बाद ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई। घायल को समस्तीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। फिलहाल, पटना में उनका इलाज चल रहा है।
तीन वर्षों से ढाबा चला रहे थे अभिनंदन
घायल अभिनंदन कुमार बनबीरा गांव निवासी विशेश्वर राय के पुत्र हैं। वह पिछले तीन वर्षों से किशनपुर यूसुफ में एसएच-88 के किनारे राज दरबार ढाबा चला रहे थे। बताया जाता है कि गुरुवार देर रात कुछ अपराधी ढाबे पर पहुंचे। पहले उन्होंने ढाबा संचालक के साथ मारपीट की और फिर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं। गोली लगने से अभिनंदन गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। घटना के बाद ढाबे में मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। कर्मचारियों ने आनन-फानन में उन्हें समस्तीपुर के निजी अस्पताल पहुंचाया।
अपराधियों की पहचान में जुटी पुलिस
घायल के चाचा ने बताया कि अपराधियों ने अभिनंदन की पीठ में तीन गोलियां मारी हैं। हालांकि, वारदात के पीछे की वजह का अब तक पता नहीं चल सका है। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। इधर, सूचना मिलने के बाद सरायरंजन थाने की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही छानबीन शुरू कर दी गई। पुलिस वारदात के कारणों का पता लगाने के साथ ही अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
ये भी पढ़ें: झल्लार-चिचोलाढाना मार्ग पर दो कारों की भिड़ंत, चालक घायल