बिहार में नवनियुक्त मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली कैबिनेट का आज गुरुवार को बड़ा विस्तार हुआ है। NDA गठबंधन के विभिन्न मंत्रियों ने पटना के गांधी मैदान में शपथ ग्रहण किया।
पटना (बिहार)। बिहार में नवनियुक्त मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली कैबिनेट का आज गुरुवार को बड़ा विस्तार हुआ है। इसमें भारतीय जनता पार्टी (BJP), जनता दल (यूनाइटेड) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के अन्य सहयोगी दलों के मंत्रियों ने पटना के गांधी मैदान में शपथ ग्रहण किया।
नीतीश कुमार के बेटे निशांत सहित अन्य सदस्यों ने ली शपथ
सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली कैबिनेट में मंत्री पद की शपथ लेने वालों में श्रवण कुमार, विजय कुमार सिन्हा, दिलीप कुमार जायसवाल, निशांत कुमार और लेसी सिंह के साथ-साथ राम कृपाल यादव, नीतीश मिश्रा, दामोदर रावत, संजय सिंह (टाइगर), अशोक चौधरी और NDA गठबंधन के कई अन्य सदस्य शामिल रहे।

पीएम मोदी, अमित शाह सहित अन्य दिग्गज नेताओं की रही उपस्थिति
शपथ ग्राहण समारोह के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित कई अन्य नेता उपस्थित थे। बता दें कि 2025 में बिहार में हुए विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन को प्रचंड जीत मिली थी। यहां गठबंधन को 243 विधानसभा सीटों में से 202 सीटें हासिल की थीं। चुनाव परिणाम ने एनडीए को तीन-चौथाई का मज़बूत बहुमत दिया, जबकि महागठबंधन को सिर्फ़ 35 सीटें ही मिल पाईं।
नीतीश कुमार ने रिकॉर्ड 10वीं बार ली मुख्यमंत्री पद की शपथ
गठबंधन के भीतर, भारतीय जनता पार्टी ने 89 सीटें जीतीं और जनता दल (यूनाइटेड) ने 85 सीटें हासिल कीं। लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) ने 19 सीटें जीतीं, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) ने पाँच सीटें हासिल कीं। वहीं, राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने चार सीटें जीतीं। इस जीत के बाद 20 नवंबर को, नीतीश कुमार ने रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। हालांकि करीब चार महीने बाद ही बिहार में एक बड़ा राजनीतिक बदलाव आया जब 30 मार्च को उन्होंने राज्यसभा में जाने की इच्छा जाहिर करते हुए बिहार विधान परिषद (MLC) के सदस्य पद से इस्तीफ़ा दे दिया।

नीतीश कुमार का इस्तीफा, सम्राट युग की हुई शुरुआत
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफ़े के बाद उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को अगला विधायक दल का नेता चुना गया। उन्होंने बिहार के पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली और इस तरह उन्होंने नीतीश कुमार के 21 साल के कार्यकाल की जगह ली। हालांकि गठबंधन में सत्ता-संतुलन बनाए रखने के लिए, JD(U) की तरफसे वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को उपमुख्यमंत्री बनाया गया।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/shastri-park-murder-man-stabbed-accused-arrested/183429
दिल्ली के शास्त्री पार्क में युवक की चाकू गोदकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार