आज सावन के पहले सोमवार को काशी विश्वनाथ मंदिर को आकर्षित फूलों से सजाया गया है। यहां आए श्रद्धालुओं का फूलो की वर्षा कर स्वागत किया गया।
वाराणसी: सावन के पहले सोमवार पर काशी विश्वनाथ धाम में शिवभक्तों की अपार भीड़ उमड़ पड़ी। आधी रात से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था और सुबह होते-होते मंदिर के बाहर करीब तीन किलोमीटर लंबी कतार लग गई। उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, राजस्थान, दिल्ली और अन्य राज्यों से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं ने 'हर-हर महादेव' के जयघोष के बीच बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक और दर्शन-पूजन किया। पूरे धाम क्षेत्र में भक्ति, आस्था और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला।
आकर्षक फूलों से सजाया गया बाबा विश्वनाथ का दरबार
सावन के पहले सोमवार के अवसर पर बाबा विश्वनाथ का दरबार आकर्षक फूलों से सजाया गया। मंदिर परिसर में शिवभक्तों की लंबी कतारें देर रात से ही लगी रहीं। कई श्रद्धालु पूरी रात अपनी बारी का इंतजार करते रहे ताकि ब्रह्म मुहूर्त में बाबा के दर्शन कर सकें। घंटों इंतजार के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी और पूरा परिसर 'हर-हर महादेव' के उद्घोष से गूंजता रहा।
पुष्पवर्षा कर किया गया श्रद्धालुओं का स्वागत
श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए मंदिर प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा ने मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। श्रद्धालुओं ने भी 'हर-हर महादेव' के जयघोष के साथ अधिकारियों का अभिवादन किया। प्रशासन की इस पहल की भक्तों ने सराहना की।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए किए गए व्यापक इंतजाम
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल खुद वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण करते रहे। पूरे धाम क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों के जरिए की जा रही है। इसके अलावा सादे लिबास में भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा सके और किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
श्रद्धालुओं को 'सर' और 'मैडम' कहकर संबोधित करेंगे ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी
पुलिस कमिश्नर ने सभी पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को 'सर' और 'मैडम' कहकर संबोधित करेंगे और उनकी हर संभव सहायता करेंगे। श्रद्धालुओं से अभद्र व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- CM योगी आदित्यनाथ ने श्रावण में लोगों से सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने का किया आग्रह